महाराष्ट्र कांग्रेस आज (20 अक्तूबर) को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक रद्द हो गई है। इसमें विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाना था। इस बैठक के बाद ही कांग्रेस कैंडिडेट की पहली लिस्ट आनी थी।
लेकिन अब यह बैठक कल शाम पांच बजे होगी। उसके बाद ही कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित हो सकेंगे। एक दिन पहले 19 अक्टूबर को भी मुंबई के ट्राइडेंट होटल में छह घंटे तक बैठक चली थी और देर रात में खत्म हुई थी। इससे पहले 16 अक्टूबर को दिल्ली में महाराष्ट्र चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई थी।
इसके बाद 17 अक्टूबर को NCP (SP) प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि महाविकास आघाड़ी (MVA) में 288 विधानसभा सीटों में से 200 सीट पर आम सहमति बन चुकी है। हालांकि, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि- सीट-बंटवारे की चर्चा में मैं सीधे तौर पर शामिल नहीं हूं। जयंत पाटिल (पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष) पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। MVA में कांग्रेस, NCP (SP) और शिवसेना (UBT) शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान किया था। राज्य में 20 नवंबर को सिंगल फेज में सभी 288 सीटों पर वोटिंग होगी। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
अखिलेश ने MVA से 12 सीटें मांगी
समाजवादी पार्टी (सपा) ने महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) से 12 सीटें मांगी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को धुले विधानसभा सिटी सीट से उम्मीदवार की घोषणा की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा- हमने MVA से 12 सीटें मांगी हैं। सीटों की डीटेल्स भी उन्हें भेज दी गई हैं।
इससे पहले पार्टी ने शुक्रवार को भिवंडी पूर्व से मौजूदा विधायक रईस शेख, भिवंडी पश्चिम से रियाज आजमी और मालेगांव मध्य से शान-ए-हिंद को प्रत्याशी बनाया था। सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने बताया- हमने पांच उम्मीदवारों की घोषणा की है ताकि MVA को पता चले कि हम यहां मजबूत हैं, वरना वे बैठक में बताएंगे कि आपका उम्मीदवार मजबूत नहीं है।
महाराष्ट्र में भाजपा 155, शिवसेना 78 और NCP 55 सीटों पर लड़ेंगी
सीट शेयरिंग को लेकर 18 अक्टूबर की रात अमित शाह के घर पर महायुति के घटक दलों की बैठक हुई थी। इसमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी CM अजित पवार शामिल हुए थे। बैठक में विधानसभा की सभी सीटों पर भाजपा, शिवसेना और NCP में सहमति बन गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा 155, शिवसेना 78 और NCP 55 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। बैठक में छोटी पार्टियों को भी कुछ सीटें दिए जाने पर सहमति बनी थी। भाजपा अपने कोटे से छोटी पार्टियों को सीट देगी। किसी पार्टी के पास जिताऊ उम्मीदवार न होने पर 5 जगह प्लस-माइनस किया जा सकता है।
प्रियंका 23 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगी, राहुल भी मौजूद रहेंगे
कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, पार्टी ने जून में लोकसभा चुनाव के कुछ दिन बाद ही साफ कर दिया था कि राहुल के वायनाड सीटे खाली करने पर प्रियंका वहां से उपचुनाव लड़ेंगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 23 अक्टूबर को वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद प्रियंका रोड शो भी करेंगी। यह प्रियंका गांधी का पहला चुनाव होगा।
लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने केरल की वायनाड और यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने गांधी परिवार की पारंपरिक सीट रायबरेली को चुना था और वायनाड सीट छोड़ दी थी।


