कांग्रेस ने 14 जनवरी से शुरू होने वाली भारत न्याय यात्रा का नाम बदल दिया है। अब इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा। गुरुवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया। पार्टी ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा नाम अब ब्रांड बन चुका है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के सभी महासचिव, प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस विधायक दल के नेता भी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा की तैयारियों और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
खड़गे ने कहा- मीटिंग का एजेंडा 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी करने से जुड़ा है। हमारे लिए दोनों की सफलता जरूरी है, हमें इसके लिए समय देना होगा।
खड़गे ने कहा कि आप लोग पार्टी के आंख-कान हैं। अब हमारे पास सिर्फ तीन महीने हैं, इसमें रात दिन एक करके हमें एक टीम की तरह पार्टी के लिए जी जान से जुटे रहना है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं को आपसी मतभेद मीडिया में उठाने से बचने की सलाह दी।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि पीएम आज तक मणिपुर नहीं गए, यह बताता है कि वे राष्ट्रीय सवालों पर कितनी गैर जिम्मेदारी से काम करते हैं।
बीजेपी ने बीते 10 सालों में एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसे उपलब्धि माना जा सके। वे UPA-कांग्रेस के जमाने की योजनाओं का नाम और रूप बदलने का काम करते रहे हैं। सरकार PSU और बड़ी संस्थाओं को बेच रही है। देश की लाइफलाइन रेलवे से लेकर हर संस्थान को तबाह किया है। आज सरकार ED, CBI और IT जैसी संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।


