प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमीरपुर में चुनावी रैली की। उन्होंने कहा- आपको कांग्रेस से सावधान करने आया हूं। कांग्रेस वाले आपका वोट तो ले लेते हैं, लेकिन सरकार में आते ही सौगात उनको बांटते हैं, जो उनके लिए वोट जिहाद करते हैं। इस बार तो सपा-कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही इरादे साफ कर दिए।
कांग्रेस कह रही है कि वो सबकी संपत्ति की जांच कराएगी। फिर आपकी संपत्ति में से एक हिस्सा अपने, जो वोट जिहाद करने वाले हैं, उनको दे देंगे। क्या आप सरकार को अपनी संपत्ति छीनने देंगे?
उन्होंने कहा- इन लोगों ने कर्नाटक में रातों-रात मुसलमानों को OBC बना दिया। वहां के पिछड़े आरक्षण से वंचित रह गए। अब यही मॉडल पूरे देश में लागू करना चाहते हैं। संविधान बदलकर एससी-एसटी और ओबीसी का पूरा आरक्षण मुसलमानों को देना चाहते हैं।
इससे पहले, मोदी ने फतेहपुर और बाराबंकी में भी चुनावी रैली की। फतेहपुर में कहा- कांग्रेस ने इज्जत बचाने के लिए मिशन-50 रखा है। कांग्रेस-सपा दोनों की कुंडली मिलती है। दोनों भ्रष्टाचार के लिए राजनीति में हैं।
बाराबंकी में कहा- सपा-कांग्रेस वाले सरकार में आए तो फिर से रामलला को टेंट में भेज देंगे। राम मंदिर पर बुलडोजर चला देंगे। इन्हें योगी जी से ट्यूशन लेना चाहिए कि बुलडोजर कहां चलाना है और कहां नहीं।


