हरियाणा में फरीदाबाद से पकड़ा गया आतंकी अब्दुल रहमान (19) अयोध्या स्थित राम मंदिर पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने की साजिश को अंजाम देने वाला था। वह फैजाबाद से फरीदाबाद हैंड ग्रेनेड लेने ही आया था। वापस लौटकर उसे अटैक करना था। ये सारा काम वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर कर रहा था। हैंड ग्रेनेड भी इसे ISI के हैंडलर ने ही दिए थे। फरीदाबाद में वह नाम बदलकर छुपा हुआ था।
हालांकि इससे पहले ही रविवार शाम को गुजरात ATS और फरीदाबाद STF की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसमें इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का इनपुट भी उनके काम आया। जब उसे पकड़ा गया तो उसके पास 2 हैंड ग्रेनेड भी थे। जिन्हें डिफ्यूज कर दिया गया। पकड़ा गया अब्दुल रहमान उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर, जिला फैजाबाद (अयोध्या) का रहने वाला है। वह वहां मटन शॉप चलाता है।
राम मंदिर की रेकी भी कर चुका था
राम मंदिर निर्माण के बाद से ही पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी भारत में उसे निशाना बनाकर बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की साजिश रच रही है। इसी काम के लिए अब्दुल रहमान को चुना गया था। उसने राम मंदिर की रेकी भी कर ली थी। वह हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी लेने के लिए ही फैजाबाद से फरीदाबाद आया था। वह साजिश को अंजाम दे पाता, इससे पहले ही पकड़ा गया। सुरक्षा एजेंसियों को पूछताछ के बाद पता चला कि अब्दुल रहमान ISI के इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस (ISKP) मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था।
ATS को गुजरात में एक्टिव आतंकी संगठन से इनपुट मिला
गुजरात ATS के मुताबिक अहमदाबाद में फिर से एक बार आतंकवादी संगठन सक्रिय हुआ है, जो दहशत फैला रहा है। इसी की जांच के दौरान उन्हें हरियाणा में 2 आतंकियों की जानकारी मिली थी। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि इसमें अब्दुल रहमान भी शामिल है। जो सोशल मीडिया के जरिए आतंकी संगठन से जुड़ा। इसके बाद गुजरात ATS ने हरियाणा पुलिस से संपर्क किया। उनके साथ फरीदाबाद से स्पेशल टास्क फोर्स की टीम को अटैच किया गया।

