संसद में वक्फ बिल पर मंगलवार को हुई JPC की बैठक के दौरान TMC और BJP सांसद के बीच जमकर बहस हुई। इस दौरान TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने वहां रखी कांच की बोतल मेज पर दे मारी।
इसके बाद बनर्जी को एक दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। वे अगली बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उनके सस्पेंशन का प्रस्ताव रखा था। जिस पर 9-8 से वोटिंग हुई।
बोतल फेंकने से कल्याण बनर्जी के अंगूठे और एक उंगली में चोट लगी है। जिसके बाद उन्हें फर्स्ट ऐड दिया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मीटिंग रोक दी गई। बनर्जी बंगाल के श्रीरामपुर से सांसद हैं।
वक्फ (संशोधन) बिल 8 अगस्त को लोकसभा में पेश किया गया था और विपक्ष की आपत्ति के बीच इसे JPC को सौंपा गया था। कमेटी को अगले संसद सत्र के पहले हफ्ते में अपनी रिपोर्ट लोकसभा को सौंपनी है।
कल्याण अचानक उठकर बोलने लगे तो भाजपा सांसद ने टोका संसद में मंगलवार को भाजपा के जगदंबिका पाल की अध्यक्षता वाली समिति रिटायर्ड जजों और वकीलों की एक टीम के विचार सुन रही थी। इसी दौरान विपक्षी सदस्यों ने सवाल किया कि विधेयक में उनकी क्या हिस्सेदारी है।
कल्याण बनर्जी अपनी बारी से पहले बोलना चाहते थे। वे पहले ही तीन बार बोल चुके थे और फिर से मौका चाहते थे। लेकिन भाजपा सांसद ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
कल्याण के इस तरह से हस्तक्षेप करने पर BJP सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय ने उन्हें टोका। इस पर कल्याण ने अचानक बोतल उठाई और पटक दी, जिससे कांच उनके ही हाथ में लग गया। इसके बाद उन्होंने टूटी बोतल चेयरमैन की ओर फेंकी।
बैठक में ये भी मौजूद रहे JPC ओडिशा के कटक से जस्टिस इन रियलिटी और पंचसखा प्रचार के सदस्यों के विचार और सुझाव सुन रही है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पांच सांसदों का एक प्रतिनिधि मंडल भी विधेयक पर अपने विचार रख रहा है। इसके पहले समिति ने सोमवार को बैठक की थी, जिसमें अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों को मौखिक साक्ष्य देने के लिए बुलाया गया था।
JPC में लोकसभा से 21 सदस्य- भाजपा के 7, कांग्रेस के 3 सांसद 1. जगदंबिका पाल (भाजपा) 2. निशिकांत दुबे (भाजपा) 3. तेजस्वी सूर्या (भाजपा) 4. अपराजिता सारंगी (भाजपा) 5. संजय जायसवाल (भाजपा) 6. दिलीप सैकिया (भाजपा) 7. अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा) 8. श्रीमती डीके अरुणा (YSRCP) 9. गौरव गोगोई (कांग्रेस) 10. इमरान मसूद (कांग्रेस) 11. मोहम्मद जावेद (कांग्रेस) 12. मौलाना मोहिबुल्ला (सपा) 13. कल्याण बनर्जी (TMC) 14. ए राजा (DMK) 15. एलएस देवरायलु (TDP) 16. दिनेश्वर कामत (JDU) 17. अरविंत सावंत (शिवसेना, उद्धव गुट) 18. सुरेश गोपीनाथ (NCP, शरद पवार) 19. नरेश गणपत म्हास्के (शिवसेना, शिंदे गुट) 20. अरुण भारती (LJP-R) 21. असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM)
JPC में राज्यसभा से 10 सदस्य- भाजपा के 4, कांग्रेस का एक सांसद 1. बृज लाल (भाजपा) 2. डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी (भाजपा) 3. गुलाम अली (भाजपा) 4. डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल (भाजपा) 5. सैयद नसीर हुसैन (कांग्रेस) 6. मोहम्मद नदीम उल हक (TMC) 7. वी विजयसाई रेड्डी (YSRCP) 8. एम मोहम्मद अब्दुल्ला (DMK) 9. संजय सिंह (AAP) 10. डॉ. धर्मस्थल वीरेंद्र हेगड़े (राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत)

