लखनऊ में मंगलवार रात दो मंजिला मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी घर में रखे 2 सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से पति, पत्नी और 3 बच्चों की मौत हो गई। वहीं, बचाव में जुटे 4 अन्य लोग झुलस गए।
धमाके से घर की छत ढह गई और दीवारें टूट गईं। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। आग में झुलसे लोगों को रेस्क्यू करके ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। इनमें 2 की हालत ज्यादा नाजुक बताई जा रही है। घटना काकोरी इलाके के हाता हजरत साहब की है।
मकान मुशीर अली (50) का था। इसमें उनके परिवार और रिश्तेदारों को मिलाकर 20 लोग रहते थे। घर में ही जरदोजी का काम किया जाता था। मंगलवार रात करीब 11 बजे दूसरी मंजिल पर आग लग गई। हादसे में मुशीर, उनकी पत्नी हुस्ना बानो (45), उनकी भतीजी राइया (5) और दो भांजी हिबा (2) और हुमा (3) जिंदा जल गए।
मुशीर की बेटी इंशा (16) और लकब (18), बहनोई अजमत (30) और भतीजी अनम (17) आग में फंसकर झुलस गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।

