फरीदाबाद। फरीदाबाद में आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा, जब वर्षों से नीलम चौक के नाम से पहचाना जाने वाला यह प्रमुख चौराहा आधिकारिक रूप से ‘गुरु तेग बहादुर चौक’ के नाम से घोषित किया गया। यह निर्णय गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ के उपलक्ष में लिया गया है, जिसकी मुख्य राज्यस्तरीय समर्पित कार्यक्रम 26 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित हुआ था और जिसमें स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। यह जानकारी देते हुए भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने उपस्तिथ लोगों को सम्बोधित करते हुए कहे। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज नीलम चौक का नाम ‘गुरु तेग बहादुर चौक’ के नाम से घोषित किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि गुरु तेग बहादुर की शहादत सदियों से मानवता, धर्म–रक्षा और अदम्य साहस का प्रतीक रही है। उन्होंने धर्म के लिए प्राण त्याग दिए, किंतु सिद्धांतों से विचलित होना स्वीकार नहीं किया। यह नामकरण फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि ऐसे महापुरुष सम्पूर्ण मानवता की धरोहर होते हैं।
उन्होंने कहा कि नीलम चौक का नया नाम श्री गुरु तेग बहादुर चौक आने वाली पीढ़ियों को उन वीरों की याद दिलाता रहेगा, जिन्होंने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। यह परिवर्तन केवल एक नामकरण नहीं, बल्कि उन मूल्यों और त्याग की स्मृति को सम्मान देने का संकल्प है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्रता का आनंद ले पा रहे हैं।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में स्थित नीलम चौक का नाम आज औपचारिक रूप से श्री गुरु तेग बहादुर चौक घोषित किया गया। यह घोषणा केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संगत और नागरिकों की उपस्थिति में की गई।
एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि फरीदाबाद के ऐतिहासिक नीलम चौक, जिसे अब आधिकारिक रूप से श्री गुरु तेग बहादुर चौक नाम दिया गया है, को लेकर क्षेत्र में हर्ष और सम्मान का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पार्षद सुमन बाला, जसवंत सिंह, सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्य और अन्य कई पार्षदगण और अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।


