दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- आरोपी ने CM का हाथ पकड़कर खींचा। वे मेज के कोने से टकराईं। सिर पर चोट आई है। मीडिया में चल रही थप्पड़ वाली बात गलत है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर अटेम्प्ट टू मर्डर (हत्या की कोशिश) का केस दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी को आज ही कोर्ट में पेश भी किया जाएगा।
आरोपी का नाम राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41) है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया है कि आरोपी 24 घंटे से CM की रेकी कर रहा था।
इधर, घटना के बाद दिल्ली के मुख्य सचिव और कई मंत्री रेखा गुप्ता का हालचाल जानने सीएम हाउस पहुंचे। यहीं पर सीएम का इलाज चल रहा है।
CCTV वीडियो में दिखा आरोपी
सोशल मीडिया में CCTV भी वायरल हो रहा है। इसमें खीमजीभाई 19 अगस्त को CM के शालीमार बाग निवास का रेकी करता हुआ दिख रहा है।
प्रवेश वर्मा का दावा- आरोपी ने पहले रेकी की थी
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा- दिल्ली को एक ऐसी मुख्यमंत्री मिली है जो रोजाना अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही हैं। दिल्ली-NCR से रोजाना 1000-2000 लोग CM के पास आते थे। आज जो हुआ वह बेहद निंदनीय है। हम मुख्यमंत्री से मिले, वह घायल थीं। उनकी MLC की गई।
उन्होंने कहा- हमें पता चला है कि आरोपी व्यक्ति पिछले 24 घंटों से सीएम की रेकी कर रहा था, उसने गुप्ता के शालीमार बाग स्थित घर की भी रेकी की। रात सिविल लाइंस में भी गुजारी, ताकि वह मुख्यमंत्री से मिल सके। आज जब वह आया, तो उसके हाथ में कोई कागज नहीं था। उसने सीएम से मिलते ही हमला किया। CM के हाथ-पैर और सिर में चोट आई है।
BJP, कांग्रेस, AAP नेताओं के बयान
दिल्ली BJP के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर: 35 साल का कोई व्यक्ति जनसुनवाई में आया था। उसने CM को कोई दस्तावेज दिया। इसके बाद कुछ कहासुनी हुई। उसने हमला करने की कोशिश की। यह किसी ऐसी पार्टी का हो सकता है, जो हताश हो चुकी है।
दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव: घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। रेखा गुप्ता पूरी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, कम है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो सामान्य पुरुष या महिला की सुरक्षा कैसे हो सकती है?
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और AAP नेता आतिशी: रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पूर्व भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी- रेखा जी को जनता से मिलने से रोकने के लिए यह एक साजिश के तहत किया गया। प्रधानमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता से जुड़ने को कहा है। इससे विपक्ष में हताशा है। मुझे 100% यकीन है कि जांच से पता चलेगा कि आरोपी कांग्रेस, AAP या CPI से जुड़ा कार्यकर्ता था।


