दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नए सरकारी बंगले (बंगला नंबर 1, राज निवास मार्ग) में जल्द ही मरम्मत और सजावट का काम शुरू होगा।
यह बंगला पहले उपराज्यपाल सचिवालय के दफ्तर की तरह इस्तेमाल हो रहा था। अब इसे मुख्यमंत्री और उनकी फैमिली के रहने लायक बनाया जाएगा।
बंगले में 24 एयर कंडीशनर, 5 स्मार्ट टीवी (चार 55 इंच और एक 65 इंच), 3 बड़े झूमर, 80 से ज्यादा पंखें लगाए जाएंगे। किचन में नई मशीनें जैसे गैस हॉब, इलेक्ट्रिक चिमनी, माइक्रोवेव, टोस्ट ग्रिल, वॉशिंग मशीन, डिशवॉशर, 50 लीटर प्रति घंटे की RO वॉटर प्लांट की सुविधा दी जाएगी।
रेनोवेशन के फर्स्ट फेज का कुल बजट 60 लाख रुपए है। अकेले एयर कंडीशनिंग पर 11 लाख रुपए से ज्यादा खर्च होगा और लाइट्स, झूमरों पर 6 लाख रुपए का बजट रखा गया है।
बंगला नंबर 1 एक टाइप VII आवास है, जिसमें 4 बेडरूम, ड्राइंग रूम, विजिटर्स हॉल, नौकरों का कमरा, किचन, लॉन और बैकयार्ड शामिल हैं।
पिछले साल पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले के रेनोवेशन को लेकर विवाद हुआ था। तब भाजपा ने बंगले को केजरीवाल का शीशमहल बताया था।
दूसरा बंगला बनेगा कैंप ऑफिस
PWD के मुताबिक, बंगला नंबर 2 को मुख्यमंत्री का कैंप ऑफिस बनाया जाएगा, जहां आम जनता से मुलाकात की जाएगी। दोनों बंगलों को जोड़ने के लिए एक रास्ता भी बनाया जाएगा। फिलहाल मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शालीमार बाग स्थित अपने निजी घर में रह रही हैं।
रेखा गुप्ता ने पुराने बंगले को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया था
सीएम रेखा गुप्ता ने चुनाव से पहले ही साफ कर दिया था कि वे पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल का आवास (6 फ्लैगस्टाफ रोड) नहीं लेंगी। इसे उन्होंने भ्रष्टाचार का प्रतीक कहा था। उस बंगले पर करीब 33.66 करोड़ रुपए खर्च हुए थे, जिसे भाजपा ने शीश महल कहा।
पूर्व CM केजरीवाल के सरकारी बंगले के रेनोवेशन पर विवाद था


