दिल्ली में सेंट कोलंबा स्कूल के छात्र के सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतक के पैरेंट्स ने गुरुवार को आरोप लगाया कि स्कूल के टीचर ने बच्चे का अपमान किया था।
पिता प्रदीप पाटिल का कहना है कि शौर्य के क्लासमेट्स के अनुसार 18 नवंबर को स्कूल में स्टेज पर डांस प्रैक्टिस के दौरान शौर्य फिसलकर गिर गया था। एक शिक्षक ने उसे डांट दिया। बेटे के रोने पर एक अन्य शिक्षक ने कहा- रो लो जितना रोना है, मुझे फर्क नहीं पड़ता।
पिता ने बताया कि घटना के समय प्रिंसिपल मौजूद थीं, पर किसी को नहीं रोका। 16 साल के छात्र शौर्य ने 18 नवंबर को राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से कूदकर सुसाइड कर लिया था।
बुधवार को उन्होंने प्रिंसिपल, कोऑर्डिनेटर और दो शिक्षकों पर FIR दर्ज कराई। उनका आरोप है कि स्कूल लगातार मानसिक दबाव डालता था और पत्नी की शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शौर्य का घर दिल्ली के राजेंद्र नगर में है। पिता प्रदीप पाटिल का ज्वैलरी का काम है।। वे 18 नवंबर को अपनी मां के इलाज के लिए कोल्हापुर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि बेटा रोज की तरह सुबह 7:15 बजे स्कूल गया था। दोपहर 2:45 बजे कॉल आया कि वह मेट्रो स्टेशन से गिर गया है। उसे पास के BLK अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप ने कहा कि बेटा कई दिनों से शिक्षकों की शिकायत कर रहा था। वह बताता था कि क्लास में उसे बेइज्जत किया जाता है और मानसिक दबाव डाला जाता है। वे और उनकी पत्नी कई बार टीचर्स और प्रिंसिपल से मिले, लेकिन हालात नहीं बदले।
क्लासमेट ने बताया कि पिछले चार दिनों से टीचर शौर्य को TC देने की धमकी दे रहे थे और डरा रहे थे। टीचर ने उसे धक्का भी दिया था। पिता ने बताया कि बेटे की मौत के बाद प्रिंसिपल मदद की बात कह रहे थे, पर उन्होंने कहा कि उन्हें केवल अपना बेटा वापस चाहिए।


