दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर शनिवार को दिल्ली सरकार ने विशेष कार्यक्रम ‘100 दिन सेवा के’ आयोजित किया। इसमें बॉलीवुड स्टार अनुपम खेर भी पहुंचे। उन्होंने दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता से सवाल-जवाब किए। सरकार के 100 दिन के कामों के बारे में पूछा।
JLN स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में रेखा गुप्ता ने कहा- जब रामलीला मैदान से आंदोलन शुरू हुआ, तो हजारों-लाखों लोग इसमें शामिल हुए। मैं भी शामिल हुई। सभी ने इसका समर्थन किया। वे लोग (AAP) जो कहते थे कि वे सत्ता के लालची नहीं हैं, वे इतने लालची हो गए कि उन्हें सत्ता के अलावा कुछ दिखाई नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लोगों के बीच सड़कों पर काम कर रही है। मेरा मंत्रिमंडल, हमारे विधायक, सभी जनप्रतिनिधि लगातार लोगों के बीच सड़कों पर काम करते हैं। मुझे बहुत दुख होता है जब मैं उन लोगों के बारे में सोचती हूं जो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर सेना पर सवाल उठाते थे। देश के दुश्मनों से हाथ मिलाते थे।
अनुपम खेर के सवाल पर उन्होंने कहा- मुझे दिल्ली इसलिए पसंद है कि क्योंकि यहां सांस्कृतिक विविधता है। दिल्ली के बारे में जो सबसे अच्छी बात यहां की एकता है। यह एक लघु भारत, एक भारत, श्रेष्ठ भारत का रूप है। भारत के हर हिस्से के लोग दिल्ली में रहते हैं, और वे एक-दूसरे की परंपराओं और त्योहारों को एक साथ मनाते हैं।
दरअसल, 20 फरवरी 2025 को रेखा गुप्ता ने दिल्ली की सीएम पद की शपथ ली थी। वे दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने वालीं 9वीं और चौथी महिला CM हैं। वे शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। 30 मई को उन्होंने दिल्ली को विकसित कर इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस और सुंदर शहर बनाने की घोषणा करते हुए 20 काम करने का दावा किया था।
भाजपा ने चुनाव से पहले दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को विश्व स्तरीय बनाने का वादा किया था। चुनावी संकल्प पत्र में भी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए भी कई घोषणाएं की थीं। लेकिन, दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया है कि रेखा सरकार के 20 कामों के दावे के उलट जनहित के कामों की केवल 2 योजनाएं ही जमीन पर उतर पाई हैं। इनमें एक आयुष्मान भारत योजना है और दूसरी वय वंदना योजना।

