देहरादून के राजपुर रोड स्थित होटल हयात सेंट्रिक में सोमवार को दैनिक भास्कर का ‘उत्तराखंड-विकास-विश्वास-विजन कॉन्क्लेव’ आयोजित हुआ, जिसमें राज्य के विकास, पर्यटन, उद्योग, फिल्म शूटिंग और भविष्य की संभावनाओं जैसे मुद्दों पर दिनभर मंथन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण ने किया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि दैनिक भास्कर ने इस आयोजन के लिए जो थीम चुनी है, वह त्रिशूल की तरह सटीक है और ऐसे मंच राज्य के भविष्य को लेकर सार्थक चर्चा और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर देते हैं।
कॉन्क्लेव के अलग-अलग सत्रों में उद्योग, पर्यटन, चारधाम यात्रा, फिल्म नीति और युवाओं के अवसरों पर चर्चा हुई। इस दौरान बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चारधाम व्यवस्था पर अपनी बात रखी, वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य में सेब उत्पादन और बागवानी की संभावनाओं का जिक्र किया।
कार्यक्रम के बॉलीवुड इंटरैक्शन सत्र में फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर और अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने फिल्म इंडस्ट्री और छोटे शहरों की कहानियों पर अपने विचार साझा किए। वहीं कार्यक्रम के अंत में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को उत्तराखंड विजनरी अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया।
कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण ने कार्यक्रम की शुरुआत की। राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए सबसे पहले स्पष्ट विजन, फिर उस पर विश्वास और उसके बाद विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। उनके मुताबिक उत्तराखंड में कई क्षेत्रों में शांत लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव दिखाई दे रहे हैं, जैसे हनी क्रांति, अरोमा मिशन, मिलेट और होम-स्टे जैसे प्रयास।
इस दौरान विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से उत्तराखंड में बेटियों की शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल देखा है। उन्होंने बताया कि 2014 में पहली बार वह पिता के चुनाव के दौरान उत्तराखंड आईं और उसके बाद ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत गढ़वाल में काम शुरू किया।


