अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बेटी की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की है। उन्होंने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
याचिका में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज करने और बेटी की मौत की जांच CBI से कराने की मांग की गई है।
आरोप लगाया गया है कि दिशा के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई थी। याचिका में सूरज पांचोली, डिनो मोर्या और मुंबई पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। उस समय दिशा के पिता ने जांच को संतोषजनक माना था।
भाजपा नेता का दावा- गैंगरेप के बाद हत्या हुई
भाजपा नेता नितेश राणे ने 3 साल पहले दिशा से गैंगरेप के बाद उनकी हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, दिशा के पेरेंट्स ने बेटी को बदनाम करने की साजिश बताते हुए नितेश पर ही केस दर्ज कराया था।
अब 5 साल बाद दिशा के पिता का कहना है कि उन्हें नजरबंद करके पुलिस के पेश सबूतों को सच मानने के लिए मजबूर किया गया था।
सुशांत के पिता बोले- दिशा के पिता ने सही किया
सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने कहा- पहले दिशा सालियान के पिता ने कहा था वे कुछ नहीं जानते हैं, बेटी ने आत्महत्या ही की होगी। ये मुझे नहीं पता कि बाद में वह किस बात पर कह रह हैं कि ये आत्महत्या नहीं हत्या है। हालांकि, पहले की सरकार और अब की सरकार में फर्क है। वर्तमान मुख्यमंत्री अपने स्तर पर जो भी करेंगे सही करेंगे।
सालियान के वकील बोले- FIR दर्ज नहीं की जा रही
दिशा सालियान केस में उनके पिता के वकील निलेश ओझा ने बताया कि सितंबर 2023 में उन्होंने एक जनहित याचिका (PIL) दायर कर FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद दिसंबर 2023 में शिंदे सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
उन्होंने आगे कहा कि 12 जनवरी 2024 को इस मामले में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली और अन्य लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया गया था। लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद FIR दर्ज नहीं हुई।

