मध्यप्रदेश कांग्रेस में टिकट बंटवारे के बाद कई सीटों पर प्रत्याशियों का विरोध हो रहा है। नाराज कार्यकर्ता भोपाल पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर, निवाड़ी, दतिया जिले की सेवढ़ा और मंदसौर की मल्हारगढ़ सीट के कैंडिडेट्स के खिलाफ असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने पीसीसी दफ्तर के सामने नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके विधायक बेटे जयवर्धन सिंह का पुतला जलाया। इतना ही नहीं दिग्विजय सिंह की फोटो को जूते मारे और गोबर भी पोता। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ भी की।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने अपने समर्थकों के साथ विरोध जताया। दिग्विजय पर ओबीसी का हक मारकर अपने रिश्तेदारों को टिकट देने का आरोप लगाया। दामोदर ने इस्तीफा देकर प्रदेश की 16 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है।
कमलनाथ के बंगले के बाहर पंगत लगाकर खाया खाना
सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के भोपाल स्थित बंगले पर भी पहुंच गए। यहां जमकर नारेबाजी की। साथ ही दोपहर में बंगले के बाहर ही पंगत लगाकर खाना भी खाया। ये कार्यकर्ता शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे हैं। इनकी मांग है कि टिकट बदला जाए।

