उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विपक्षी नेता लखीमपुर जाकर किसानों और मृतकों के परिवार से मिलना चाहते हैं, लेकिन प्रशासन ने सभी नेताओं के जाने पर रोक लगा दी है। इतना ही नहीं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया गया है। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में हाई वोल्टेज ड्रामा बढ़ गया है। इसका असर दिल्ली की सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है। सोमवार को नोएडा से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। यह जाम डीएनडी वाले रास्ते पर है जो दिल्ली से नोएडा आते हुए है। नोएडा पुलिस ने डीएनडी पर बैरिकेड्स लगाई है। बैरिकेड्स लगाने की वजह से ही डीएनडी पर यह भीषण जाम दिखाई दे रहा है।