नोएडा में दहेज के लिए एक शख्स ने बेटे के सामने पत्नी को जिंदा जला दिया। महिला की शादी 9 साल पहले हुई थी। आरोपी पत्नी पर घरवालों से 35 लाख रुपए लाने का दबाव बना रहा था, लेकिन महिला ने मना कर दिया। इसके बाद महिला के पति और उसकी सास ने उसे लात-घूसों से पीटा।
महिला छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाती रही, लेकिन उन्होंने उसकी एक न सुनी। पति ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। महिला की बहन ने बचाने और वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे भी पीटा।
वीडियो में महिला छटपटाते हुए सीढ़ियों से नीचे की ओर भागती दिख रही है। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे। कंबल डालकर आग बुझाई और उसे फोर्टिस अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने महिला की हालत देखते हुए दिल्ली के अस्पताल रेफर कर दिया।
22 अगस्त को महिला की मौत हो गई। महिला की बहन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर 23 अगस्त को पति को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी पति विपिन को पुलिस मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जा रही थी।
इसी दौरान आरोपी दरोगा की पिस्टल लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करके आरोपी को सिरसा चौराहे के पास पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
आरोपी विपिन बोला-ना ही मैंने मारा और ना ही कुछ किया है
आरोपी विपिन भाटी ने कहा- मुझे गलती का कोई पछतावा नहीं है। ना ही मैंने मारा है और ना ही कुछ किया है। अपने आप मरी है। मियां-बीवी में लड़ाई होती रहती है। यह आम बात है।एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया- आरोपी के पास से महिला निक्की काे जलाने वाला थिनर बरामद किया गया है।
एक ही घर में हुई थी दोनों बहनों की शादी
घटना ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 21 अगस्त को हुई। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। नोएडा के रूपबास गांव निवासी राज सिंह ने दिसंबर 2016 में अपनी भतीजी कंचन और निक्की की शादी सिरसा गांव के रहने वाले रोहित और विपिन से की थी। राज सिंह ने बताया कि शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी समेत हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया।
राज सिंह के मुताबिक, इसके बाद ससुराल वाले 35 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। दोनों भतीजियों के साथ ससुराल के लोग मारपीट करते थे। कई बार पंचायत हुई, लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। अब भतीजी निक्की की जान ले ली गई।

