चुनाव आयोग ने 6 राज्यों की 8 लोकसभा सीटों पर चुनाव में EVM में गड़बड़ी की शिकायत की जांच के आदेश दिए हैं। इनमें हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। वहीं छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना की एक-एक सीटें हैं। 8 सीटों में से भाजपा को 3, कांग्रेस को 2 सीटों में जीती मिली थी। वहीं, अन्य पार्टियों ने 3 सीटों में जीत दर्ज की थी।
चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में EVM में गड़बड़ी की शिकायत के 8 आवेदन आए थे। इनमें EVM की मेमोरी और माइक्रो कंट्रोलर की जांच की मांग की गई थी। आयोग अब 92 पोलिंग स्टेशन के EVM की जांच करेगा।
इसके अलावा आयोग ने आंध्रप्रदेश और ओडिशा की 3 विधानसभा सीटों के EVM के जांच के आदेश दिए हैं। आयोग यहां के 26 पोलिंग स्टेशन पर EVM में गड़बड़ी की जांच करेगा।
अब सिलसिलेवार पढ़िए किन राज्यों के सीटों के EVM की जांच होगी…
हरियाणा: 2 लोकसभा सीटों की EVM चेक होंगी
राज्य की करनाल और फरीदाबाद सीट की EVM चेक कराई जाएगी। करनाल से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और फरीदाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर चुनाव जीते हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की ओर से चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी। करनाल से कांग्रेस उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर EVM की जांच करने की मांग की थी। वहीं, फरीदाबाद से कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र प्रताप ने भी गड़बड़ी की आशंका जताई थी।
छत्तीसगढ़: कांकेर लोकसभा सीट की EVM होगी चेक
चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ की कांकेर लोकसभा सीट पर EVM की जांच कराई जाएगी। कांकेर से भाजपा के भोजराज नाग ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के बीरेश ठाकुर को 1884 वोटों से हराया है। इसके बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताई थी। इसे लेकर चुनाव आयोग में शिकायत भी की गई। इससे पहले भी मतगणना के दिन रिकाउंटिंग के चलते इस सीट का परिणाम सबसे देर से आया था।
महाराष्ट्र: अहमदनगर लोकसभा सीट के BJP उम्मीदवार ने EVM जांच की मांग की थी
महाराष्ट्र की अहमदनगर लोकसभा सीट से चुनाव हारने वाले बीजेपी उम्मीदवार सुजय विखे पाटिल ने EVM माइक्रोकंट्रोलर के वेरिफिकेशन की मांग की थी। उन्हें शरद पवार की पार्टी एनसीपी के उम्मीदवार नीलेश लंके ने लगभग 29 हजार वोटों से हराया था।
तमिलनाडु: वेल्लोर सीट के भाजपा उम्मीदवार ने जांच की मांग की
तमिलनाडु के वेल्लोर सीट से भाजपा उम्मीदवार एसी शनमुगम ने EVM जांच की मांग की है। यहां DMK के कथिर आनंद ने उन्हें 2.15 लाख वोटों से हराया था। चुनाव आयोग यहां के 14 पोलिंग स्टेशन के EVM की जांच करेगा। वहीं, राज्य की विरुधुनगर सीट के 14 पोलिंग स्टेशन पर EVM की जांच होगी। यहां कांग्रेस के मनिकम टैगोर बी ने 4379 वोटों से DMDK कैंडिडेट विजयप्रभाकरन वी को हराया था।

