महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर 26/11 हमलों की 17वीं बरसी के मौके पर ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2025’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा- पाकिस्तान जानता है कि वह सीधे युद्ध में भारत को नहीं हरा सकता, इसलिए उसने पहलगाम आतंकी हमला और दिल्ली ब्लास्ट किया।
CM ने कहा- मुंबई में 26 नवंबर 2008 (26/11) को आतंकवादी हमला भारत की संप्रभुता पर हमला था। अगर तब हमने ऑपरेशन सिंदूर करने का साहस दिखाया होता, तो आज कोई हम पर हमला करने की हिम्मत नहीं करता, लेकिन हमने उस समय वह साहस नहीं दिखाया।
फडणवीस ने आगे कहा- आतंकियों ने 2001 में 9/11 हमले के लिए अमेरिका के ट्विन टावर्स को चुना था। अमेरिका की ताकत ट्विन टावर्स में है इसलिए वहां हमला करके उन्होंने अमेरिका की संप्रभुता को चुनौती दी थी। इसी तरह भारत की संप्रभुता को चुनौती देने के लिए मुंबई को चुना गया था।
मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस ने गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2025’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इसमें रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी, बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान और रणवीर सिंह, सिंगर शंकर महादेवन सहित कई दिग्गज शामिल हुए।
फडणवीस ने कहा- मुंबई हमले के 17 साल बीत चुके हैं, फिर भी हमारे दिलों में दर्द है। आतंक का खतरा अभी भी बना हुआ है और हमें सतर्क रहने की जरूरत है। हमें अपने देश की आंख और कान बनना होगा और एक ही भाषा बोलनी होगी। अगर हम एकजुट हैं तो हम सुरक्षित हैं।
CM ने दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े व्हाइट टेरर मॉड्यूल मामले में 3,000 किलोग्राम विस्फोटक जब्त करने में कामयाब होने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की। फडणवीस ने कहा- आज हमारे पास एक बदला हुआ भारत है। भारत ने समय रहते सबसे पहले आतंकी साजिश को भांपा और ऑपरेशन चलाए।
मुख्यमंत्री ने कहा- वे (आतंकी) भारत के कोने-कोने में बम विस्फोट करना चाहते थे। मुंबई समेत हमारे देश के कई शहर उनके निशाने पर थे, लेकिन जब हमारी भारतीय एजेंसियों को इसकी भनक लगी और उन्होंने उन पर सीधा हमला किया तो इससे बौखलाए आतंकियों ने दिल्ली में धमाका कर दिया।
फडणवीस ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते। उन्होंने सशस्त्र बलों को कार्रवाई करने की आजादी दी है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दुनिया ने भारत की ताकत देखी। भारत एक मजबूत देश है और जंग अभी खत्म नहीं हुई है।
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को आतंकी हमला हुआ था। इसे 26/11 के नाम से जाना जाता है। पाकिस्तान से लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने समुद्र मार्ग से मुंबई में घुसकर ताज होटल, ओबेरॉय होटल, नरीमन हाउस, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और लियोपोल्ड कैफे सहित कई जगहों पर हमला किया।
यह हमला 26 से 29 नवंबर तक करीब 60 घंटे चला, जिसमें करीब 166 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए। एनएसजी कमांडो और सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाकर आतंकियों को मार गिराया। अजमल कसाब नाम का एक आतंकी जिंदा पकड़ा गया था, जिसे बाद में अदालत ने फांसी की सजा दी।


