राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी तक हर दिन सुबह 10.20 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक दिल्ली हवाई अड्डे से न तो कोई प्लेन उड़ान भरेगा और न ही लैंड करेगा। गणतंत्र दिवस की तैयारियों और कर्तव्यपथ पर होने वाले मुख्य समारोह के चलते यह फैसला लिया गया है। यह प्रतिबंध 19 जनवरी से 26 जनवरी तक लागू रहेगा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने इस फैसले को लेकर नोटम जारी किया है। इससे पहले कुछ अपवादों के साथ केवल नॉन शेड्यूल फ्लाइट्स के लिए यह प्रतिबंध लगाया गया था।
दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है और रोजाना लगभग 1300 फ्लाइट्स को ऑपरेट करता है।
26 जनवरी को 75वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा, जिसमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन मुख्य अतिथि होंगे। यह छठा मौका है, जब कोई फ्रांसीसी नेता गणतंत्र दिवस परेड में बतौर गेस्ट शामिल होगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस ने भी 15 फरवरी तक पैराग्लाइडर और अन्य उड़ने वाले ऑब्जेक्ट्स पर बैन लगा दिया है। इस लिस्ट में हैंग ग्लाइडर, माइक्रोलाइट प्लेन, मानव रहित ड्रोन, हॉट एयर बैलून शामिल हैं। इसके साथ ही साथ पैरा जंपिंग या पैराशूटिंग पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।


