झारखंड के जमशेदपुर में लव कुश आवासीय स्कूल में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। स्कूल में 162 बच्चे फंस गए। सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस ने बच्चों को बचाया।
उधर, उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से निर्माणाधीन होटल में काम करने वाले 2 मजदूरों की मौत हो गई और 7 मजदूर लापता हैं। वहीं, बागेश्वर में सरयू नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है। अलकनंदा और सरस्वती भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। उत्तराखंड में शनिवार से भारी बारिश जारी है। यहां चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए रोक दी गई है। यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने सलाल डैम के गेट खोल दिए गए हैं। भारी बारिश के बाद जल स्तर बढ़ने के कारण खोल दिए गए हैं। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने सिंधु जल संधि रद्द करते हुए सलाल, बगलिहार बांधों से पानी छोड़ना बंद कर दिया था।
मानसून ने पूरा देश कवर किया, तय समय से 9 दिन पहले पहुंचा
मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आमतौर पर यह 8 जुलाई तक होता है, लेकिन इस बार मानसून 9 दिन पहले ही पूरे देश में फैल गया। देशभर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में भारी बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। राज्य के पलक्कड़ और पथानामथिट्टा जिलों के बांधों के गेट खोले गए हैं। निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने कहा- आज केरल तटीय इलाकों में 2- 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में भी सोमवार को भारी बारिश की संभावना है क्योंकि मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।

