भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर आरोप लगाया कि गोगोई की पत्नी के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हैं। भाटिया ने कहा- राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि उनकी लड़ाई इंडियन स्टेट से है। अब गोगोई की पत्नी के संबंध पाकिस्तान की ISI से निकले हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्लानिंग कमीशन के सलाहकार अली तौकीर शेख के साथ गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न काम करती थीं। राहुल गांधी और गोगोई भारत को कमजोर कर रहे हैं। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सरकार से जांच की मांग की है।
लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गोगोई ने आरोपों को फर्जी बताते हुए खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए ऐसे निराधार आरोप लगा रही है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले भी उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए ऐसा ही अभियान चलाया था।
उन्होंने कहा कि असम विधानसभा चुनाव में अभी एक साल बाकी है, लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा कमजोर पड़ गई है। लोगों का भाजपा पर से भरोसा उठ रहा है, इसलिए उन्होंने मुझ पर ये आरोप लगाए हैं।

