देश भर में कई जगह बम धमाकों की धमकियां देने वाली महिला को चेन्नई से अरेस्ट किया है। अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने बताया कि महिला ने अपने प्रेमी को फंसाने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में बम धमकी वाले ईमेल भेजे थे। इन मेल में गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ब्लास्ट की धमकी भी शामिल थी।
प्रेमी को फंसाने के लिए रची थी साजिश
चेन्नई की रहने वाली रेनी जोशील्डा रोबोटिक्स में ग्रेजुएट है और डेलॉइट में सीनियर कंसल्टेंट के तौर पर काम करती है। रेनी अपने ऑफिस में काम करने वाले एक युवक से एकतरफा प्रेम करती थी। लेकिन, वह युवक किसी और लड़की से प्रेम करता था। इसी साल युवक ने उस लड़की से शादी कर ली। इसी बात से बौखलाई रेनी ने उसे फंसाने के लिए इस साजिश को अंजाम दिया।
11 राज्यों की पुलिस तलाश रही थी
अहमदाबाद के जेसीपी क्राइम ब्रांच शरद सिंघल ने बताया कि रेनी धमकियां भेजने के लिए दिविजप्रभाकर और पाकिस्तानवेब जैसे नामों का इस्तेमाल कर फर्जी ईमेल का इस्तेमाल करती थी। वह इसके लिए डार्क वेब, वीपीएन और वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल करती थी। रेनी ने देश के 11 राज्यों में धमकी भरे ईमेल भेजे थे। इस तरह इन 11 राज्यों की पुलिस रेनी की तलाश में जुटी हुई थी।
आईपी और डार्क वेब से पूरा ढांचा खड़ा किया था
रेनी ने अहमदाबाद के दिव्य ज्योत स्कूल, बीजे मेडिकल कॉलेज, जिनेवा स्कूल और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को भी बम से उड़ाने की धमकी के ईमेल भेजे थे। इसके चलते अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुटी थी। जांच टीम ने पाया कि रेनी ने अलग-अलग आईपी और डार्क वेब से पूरा ढांचा खड़ा किया था। इनकी मदद से उसने ईमेल और व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किए थे। इन्हीं के जरिए वह देश के अलग-अलग राज्यों में धमकियों वाले ईमेल और वॉट्सएप मैसेजेस भेजा करती थी।


