उत्तर भारत का मौसम फिर बदल गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में रविवार शाम से देर रात तक बर्फबारी और बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक लगातार दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से 3 फरवरी तक हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होगी।
मैदान राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है। सोमवार सुबह 7 बजे तक आगरा, सरसवा, बरेली, हिंडन और बठिंडा में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो रही।
IMD ने यूपी, दिल्ली और आंध्र प्रदेश के समुद्र किनारे बसे जिलों में अगले 3 घंटे घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 5 से 7 फरवरी के दौरान तीसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी राज्यों में फिर से मौसम बदलेगा।
पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस भूमध्यसागर से आने वाली हवाओं का सिस्टम है, जो सर्दियों के दौरान उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी कराता है।
सोमवार सुबह जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में पारा माइनस 8.0, लद्दाख के द्रास में माइनस 15.1 और हिमाचल के काल्पा में माइनस 3.8 डिग्री रहा।
हरियाणा और पंजाब में भी न्यूनतम तापमान बढ़ा है और अधिकांश जगहों पर पारा सामान्य स्तर से ऊपर रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और हिसार में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि भिवानी और नारनौल में तापमान 6 से 6.5 डिग्री के बीच रहा।
पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में ठंड कुछ ज्यादा रही, जहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। इसके अलावा लुधियाना में 7.6 डिग्री और पटियाला में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
दिल्ली में फरवरी की शुरुआत पिछले साल के मुकाबले ठंडी रही। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही और औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 265 रिकॉर्ड किया गया।
कई जिलों में सोमवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। सीकर शहर और पलसाना (सीकर) में विजिबिलिटी 50 मीटर और टोंक में 30 मीटर से भी कम रही। सोमवार को 12 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।


