भारत-चीन सीमा के लगे इलाकों में शुक्रवार को भारी बर्फबारी हुई, जिससे पूरे सिक्किम में तापमान में भारी गिरावट आई। कई ऊंचाई वाले इलाकों में पारा जीरो से नीचे चला गया, जिससे इन रास्तों पर यातायात प्रभावित हो गया है।
नाथुला, कुपुप और त्सोम्गो (चांगू) झील और उसके आसपास सुबह से ही भारी से बहुत भारी बर्फबारी दर्ज की गई। IMD ने सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें अगले 24 घंटों में मौसम की खराब होने की चेतावनी है।
अधिकारियों ने पर्यटकों और ट्रांसपोटर्स से ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा न करने की सलाह दी है क्योंकि बर्फ जमा होने के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें बर्फ हटाने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
IMD ने बंगाल के कई जिलों में अगले 24 घंटे में मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। यूपी के वाराणसी, बलिया और मऊ सहित कई जगह बारिश से खेत डूबे, कटी धान की फसल खराब हो रही है।
चक्रवाती तूफान मोन्था से छत्तीसगढ़ में तेज बारिश जारी है। कई ट्रेनें रूट बदलकर चल रही हैं और 29 घंटे तक लेट हैं, जिससे केरल, ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और दिल्ली के यात्री प्रभावित हैं।
बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोन ‘मोन्था’ का असर 2 दिनों से बिहार में दिख रहा है। शुक्रवार को भी बिहार के कई जिलों में बारिश हो रही है। पटना, बक्सर, दरभंगा, छपरा, मुजफ्फरपुर, सीवान, बेतिया, जहानाबाद, लखीसराय, मुंगेर, बांका, किशनगंज और समस्तीपुर में गुरुवार देर रात से ही बारिश जारी है। शुक्रवार को बक्सर में प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। मध्यप्रदेश में आंधी, बारिश का दौर जारी है। इस वजह से दिन के तापमान में रिकॉर्ड गिरावट देखने को मिल रही है। कई शहरों में दिन का तापमान 23 डिग्री से नीचे है। मुरैना के गांव जनवेद का पुरा में बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। गांव में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।यूपी में तूफान मोन्था का असर दिख रहा है। वाराणसी, बलिया, मऊ समेत 20 शहरों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गांवों में खेतों में लबालब पानी भर गया है। कटी पड़ी धान की फसल बर्बाद हो रही है। बलिया, मऊ समेत तमाम जिलों में बारिश किसानों के लिए आफत बन गई है।

