लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि लोग पूछते है चुनाव लड़ेंगे, तो हां चुनाव लड़ेंगे। 243 सीटों पर चुनाव लड़ूगा। मैं NDA की मजबूती के लिए बिहार की 243 सीटों पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लडूंगा। मेरा लक्ष्य है कि हम NDA की जीत के लिए अग्रसर हों।
आरा के रमना मैदान में रविवार को आयोजित नव संकल्प महासभा को चिराग पासवान संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘NDA की बड़ी जीत ही मेरा लक्ष्य है।’
राहुल गांधी ने अभी से ही हार मान ली है
आरा रवाना होने से पहले पटना में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस और उनके नेताओं में यही समस्या है कि जब आत्ममंथन करने की आवश्यकता है तो लोग चुनाव हारने के बहाने ढूंढते हैं। क्या वह व्यवस्था ठीक थी, जब एक हस्ताक्षर से चुनाव आयुक्त की नियुक्ति हो जाती थी?’
‘एक ऐसी व्यवस्था पर इनका प्रश्नचिन्ह है, जहां पर एक समिति के द्वारा चुनाव आयुक्त को चुना जा रहा है। हकीकत तो यह है कि यदि राहुल गांधी को किसी एक संस्थान में गलतियां निकालनी हैं तो वह कोई संवैधानिक संस्थान नहीं है, बल्कि उनकी अपनी पार्टी कांग्रेस है।’
‘उनका कभी चुनाव आयोग पर ठीकड़ा फोड़ना, कभी किसी फिक्सिंग का आरोप लगाना या कभी EVM खराब है कहना। यह अपने में दर्शाता है कि इन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में भी हार मान ली है। बिहार के बाद असम, बंगाल जैसे तमाम राज्य ये लोग हारने जा रहे हैं।’
चुनाव से पहले शाहाबाद से शंखनाद
महासभा से पहले चिराग पासवान ने कहा था, ‘लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक बड़ी सभा शाहाबाद में आयोजित करने जा रही है। विधानसभा चुनाव से पहले शंखनाद होने जा रहा है। बिहार के अलग-अलग इलाकों में पांच-छह जिलों का एक समूह बनाकर हमारी पार्टी बड़ी सभाएं कर रही है। जिसमें स्थानीय इकाई की मुख्य भूमिका होगी।


