कर्नाटक के प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस हम्पी में 27 साल की एक इजराइली महिला टूरिस्ट और एक होम-स्टे ओनर के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप किया। घटना 6 मार्च की रात करीब 10:30 बजे तुंगभद्रा नहर के किनारे की है। पीड़ित महिलाएं नहर के किनारे बैठी हुई थीं।
महिलाओं के साथ 3 अन्य टूरिस्ट भी थे। इनमें से एक डेनियल अमेरिका से था, जबकि दो अन्य पंकज महाराष्ट्र से और बिबास ओडिशा से थे। आरोपियों ने गैंगरेप से पहले इन तीनों को नहर में धक्का दे दिया था। डेनियल और पंकज तैरकर बाहर आ गए, जबकि बिबास की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक की तलाश जारी है।
बिबाश की लाश दो दिन बाद मिली
पुलिस ने ओडिशा के बिबास को ढूंढने के लिए 7 मार्च की सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसमें फायरब्रिगेड के अलावा पुलिस और खोजी कुत्तों को लगाया गया। हालांकि इसमें सफलता नहीं मिली। 8 मार्च यानी आज सुबह बिबास का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर नहर के पावर हाउस के पास मिला।
डिनर के बाद तारे देखने गए थे
होमस्टे की मालकिन 29 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने 4 मेहमानों के साथ डिनर करने के बाद तुंगभद्रा लेफ्ट बैंक नहर के किनारे म्यूजिक के साथ तारों को देखने गए थे। तभी 3 लोग बाइक पर आए। पहले उन्होंने पूछा कि पेट्रोल कहां मिलेगा।
इसके बाद वे इजराइली महिला से 100 रुपए मांगने लगे। जब टूरिस्ट ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने हमला कर दिया। इस दौरान तीनों टूरिस्ट बीच बचाव करने आए तो इन लोगों ने उन्हें नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद उन्होंने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया और वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद चारों ने पहले नदी में डूब चुके बिबाश को ढूंढा, इसके बाद वे अपने होमस्टे पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने FIR दर्ज कर पीड़ितों को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया।


