लोकसभा चुनावों से पहले राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने रविवार को भाजपा जॉइन कर ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में 2 पूर्व मंत्रियों सहित आधा दर्जन से अधिक नेता बीजेपी में शामिल हुए।
इनमें गहलोत के करीबी और पूर्व कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, पूर्व गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, नागौर के कद्दावर जाट नेता और पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, विजयपाल मिर्धा भी शामिल हैं।
पायलट के करीबी माने जाने वाले पूर्व सांसद खिलाड़ी लाल बैरवा भी इस लिस्ट में हैं। भाजपा में आज 25 लोग शामिल हुए हैं। इनमें रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स भी हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार हर 6 महीने में जनता को अपने काम का जवाब देगी। उन्होंने अशोक गहलोत को चुनौती देते हुए कहा कि वे बताएं उन्होंने कितने वादे पूरे किए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी जॉइन करने वाले सभी नेताओं का स्वागत किया।
प्रदेश सरकार हर 6 महीने में देगी हिसाब- सीएम
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा जिन्होंने आज पार्टी जॉइन की हैं। मैं उन सभी का स्वागत करता हूं। आप सभी के आने से पार्टी को गति मिलेगी। सीएम ने कहा कि 2014 से पहले जो पार्टी पंचायत से लेकर देश पर राज करती थी। जनता उन पर विश्वास करती थी, लेकिन ये लोग बार-बार जनता के बीच जाकर बार-बार जनता को धोखा देते थे।
भजनलाल ने कहा कि प्रदेश की सरकार हर 6 महीने में जनता को अपने काम का हिसाब देगी। पीएम मोदी कहते हैं कि जनता को अपने काम का हिसाब दीजिए। इसी क्रम में हम हर 6 माह में जनता को अपने काम का हिसाब देंगे। सीएम ने कहा कि गहलोत सरकार के विधानसभा में किए वादों को भी निकलवा रहा हूं। मैं अशोक गहलोत को चुनौती देना चाहता हूं कि वे बताएं कि उन्होंने कितने वादे पूरे किए। हमने ईआरसीपी और यमुना समझौता किया है। मैं आलू से सोना निकालने की बात तो नहीं करता, लेकिन एक चीज कह सकता हूं कि पानी आने के बाद राजस्थान की धरती सोना उगलेगी।


