कर्नाटक सेक्स स्कैंडल केस में आरोपी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रज्वल के चाचा एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को जनता दल (सेक्युलर) कोर कमेटी की बेंगलुरु में मीटिंग की।
मीटिंग में प्रज्वल रेवन्ना को पार्टी से सस्पेंड करने का फैसला हुआ। प्रज्वल हासन से पार्टी के मौजूदा सांसद और लोकसभा के कैंडिडेट भी हैं। हासन में 26 अप्रैल को सेकेंड फेज में वोटिंग हुई थी। इसके बाद प्रज्वल जर्मनी चले गए।
कुमारस्वामी ने कहा प्रज्वल का सस्पेंशन SIT जांच पूरी होने तक है। मैंने गलत करने वाले का कभी बचाव नहीं किया, लेकिन इस विवाद में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का नाम लेना गलत है। कांग्रेस हमारे परिवार में फूट डालने की कोशिश कर रही है।
कर्नाटक सरकार ने सेक्स स्कैंडल केस में प्रज्वल के खिलाफ जांच के लिए ADG बीके सिंह के नेतृत्व में IPS अधिकारियों की तीन सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है।
अमित शाह बोले- प्रज्वल पर सख्त एक्शन लिया जाएगा
गृह मंत्री अमित शाह ने प्रज्वल से जुड़े सवाल पर मंगलवार को गुवाहाटी में कहा- BJP मातृशक्ति के साथ है। इस जांच को आगे बढ़ाएं। जद (एस) पार्टी ने प्रज्वल को सस्पेंड कर दिया है। उन पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। कर्नाटक BJP अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने भी कहा है BJP का रुख स्पष्ट है। कोई भी राजनीतिक दल इस मामले में समर्थन नहीं करेगा।
सेक्स स्कैंडल के केस में प्रियंका गांधी ने PM से सवाल पूछा
प्रियंका गांधी ने X पर पोस्ट में लिखा- जिस नेता के कंधे पर हाथ रखकर PM फोटो खिंचवाते हैं। जिस नेता का चुनाव प्रचार करने 10 दिन पहले खुद जाते हैं। मंच पर उसकी तारीफ करते हैं। आज कर्नाटक का वह नेता देश से फरार है। उसके अपराधों के बारे में सुनकर ही दिल दहल जाता है। सैकड़ों महिलाओं का जीवन जिसने तहस-नहस कर डाला। मोदी जी क्या अब भी आप चुप रहेंगे?
प्रज्वल के पिता बोले- जो वीडियो रिलीज हुए, वे 4-5 साल पुराने
प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना ने कहा कि मैं नहीं जानता ये कैसा षड्यंत्र रचा गया है। मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो आसानी से डर कर भाग जाऊं। उन्होंने जो वीडियो रिलीज किए हैं, वे 4-5 साल पुराने हैं। जांच होने दीजिए। पिछले 40 साल में कांग्रेस की सरकार में हमने कई जांच का सामना किया है।