केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि अगर भाजपा तीसरी बार सत्ता में आती है तो देश बड़े खतरे में पड़ जाएगा, जिसके बाद पछताने का कोई मतलब नहीं होगा। देश में गाय, एक समुदाय के खाने को लेकर उन्हें देश के दुश्मन के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसके आधार पर सांप्रदायिक हिंसा हो रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार और RSS पर देश में विविधता को नष्ट कर, इसे एक धर्म के लोगों का देश बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। केरल के मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान में देश के हर नागरिक को समान अधिकार है, चाहे वह किसी भी धर्म, जाति या पंथ का हो, लेकिन इसे बदला जा रहा है। इसके चलते अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों में डर है। वे 8 अक्टूबर को एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
पिनाराई विजयन ने कहा कि देश को यह पता चल गया है और जनता का मानना है कि देश को इस खतरे से बचाना होगा। इसीलिए धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले समूहों और लोगों का एक मोर्चा बनाया गया है। जिससे बीजेपी को तीसरी बार सरकार बनाने से रोका जा सके।
बीजेपी को अहसास, सत्ता में आना संभव नहीं: केरल CM
भाजपा को भी अहसास हो गया है कि उनका तीसरी बार सत्ता में आना संभव नहीं हो सकता। इसी अहसास ने उन्हें हाल ही में कुछ खतरनाक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। देश के चार राज्यों में विपक्षी पार्टियों की सरकार है। वहां विभिन्न केंद्रीय एजेंसियां छापेमारी कर रही हैं। इससे साफ है कि भाजपा बदलती परिस्थितियों पर कैसे रिएक्शन देगी।
भाजपा से इसी तरह की और कार्रवाइयों की उम्मीद की जा सकती है, लेकिन यह लोगों के मन को बदलने या प्रभावित करने के लिए प्रर्याप्त नहीं होगा। बीजेपी को हराने के लिए विपक्षी एकता को और मजबूत करने की जरूरत है।


