असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृहमंत्री अमित शाह को दो पेज की चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 18 जनवरी को असम में एंट्री के बाद 22 जनवरी तक राहुल की सुरक्षा में चूक की 5 घटनाओं का जिक्र है।
खड़गे ने गृहमंत्री से कहा- असम के मुख्यमंत्री और वहां के DGP को आप निर्देश दें ताकि कोई अनहोनी की स्थिति न बने। खड़गे का कहना है कि यात्रा के विरोध में भाजपा समर्थक राहुल के काफिले के बिल्कुल नजदीक पहुंच जा रहे हैं। ऐसे में राहुल को भी मजबूरन अपनी सुरक्षा को दरकिनार कर बाहर आना पड़ता है।
असम पुलिस ने 23 जनवरी को गुवाहाटी में राहुल, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य के खिलाफ असम पुलिस ने FIR दर्ज की थी। सभी पर हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने का केस दर्ज किया गया।
आज असम पुलिस के DGP जीपी सिंह ने जानकारी दी कि इस केस को गहरी जांच के लिए असम CID को ट्रांसफर कर दिया गया है। असम CID के असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन करेंगे।


