केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिनों के बिहार दौरे पर हैं। गोपालगंज में जनसभा को संबोधित करते उन्होंने हुए कहा, ‘बिहार को तय करना है कि लालू-राबड़ी के जंगलराज की ओर जाना है या मोदी-नीतीश के विकास की राह पर जाना है।’
अपने 20 मिनट के भाषण में शाह ने लालू यादव और कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा, ‘जो काम कांग्रेस पार्टी 65 साल में नहीं कर पाई, वो मोदी सरकार ने 10 साल में किया है। NDA की पांच साल और सरकार बनाइए।’
शाह ने दावा किया कि ‘अगर हमारी फिर से सरकार बनती है तो हम बिहार को बाढ़ से मुक्त करा देंगे। बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करेंगे।’
केंद्र में मंत्री रहते लालू यादव ने बिहार के लिए क्या किया
लालू एंड कंपनी ने बहुत अड़ंगे लगाए, लेकिन मोदी ने 500 साल बाद राम मंदिर बनवाया। अब बिहार में माता सीता का भव्य मंदिर बनेगा। शाह ने छठ पूजा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में हमारी सरकार है। वहां छठ पूजा धूमधाम से मनाई गई। मोदी सरकार ने शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण से नवाजा।
‘वैशाली महोत्सव की शुरुआत हमने की। मोदी जी ने मधुबनी पेंटिंग को जीआई टैग दिलवाया। हमने मखाना बोर्ड बनाकर किसानों की मदद की।’
गो माता का चारा खाए गए
शाह ने कहा- ‘हमने 1 करोड़ 60 लाख घरों में जल पहुंचाया। डेढ़ करोड़ टॉयलेट बनाए। 9 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलो राशन दिया। 40 लाख घर बनाएं। लालू राज ने क्या दिया- अपहरण, फिरौती, हत्या। इतने घोटाले किए, इन्हें शर्म नहीं आती। अलकतरा घोटाला, मिट्टी घोटाला। गो-माता का चारा भी लालू जी ने खाया।’
‘लालू जी ने बस एक ही काम किया, अपने परिवार को सेट करने का। उनके दोनों बेटे सीएम बनना चाहते हैंं। बेटी को सांसद बनाया। पत्नी पूर्व सीएम हैं। दोनों साले भी मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने युवाओं को सेट करने का काम नहीं किया।’

