पटना पुलिस ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में नामजद आरोपी रंजन यादव (लालू यादव के रिश्तेदार) को गिरफ्तार किया है।
सिटी एसपी पश्चिमी राजेश कुमार ने बताया कि बिल्डर मनीष कुमार से नागेन्द्र यादव (लालू के भतीजे) के बेटे नयन यादव और तनुज यादव का पहले से विवाद था।
तनुज यादव के घर में बर्थ डे पार्टी थी। वहां रंजन यादव भी मौजूद था। इस बीच अपार्टमेंट के नीचे कार्यपालक पदाधिकारी और बिल्डर मनीष कुमार एक ही गाड़ी से पहुंचे।
अरविंद कुमार सिंह की किसी बात को लेकर नागेंद्र यादव के बेटे से कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ गई कि अरविंद सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जांच के लिए रूपसपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
अरविंद कुमार सिंह के परिजनों ने तनुज यादव, नयन यादव और रंजन यादव समेत अन्य के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है।
जिसके आधार पर पुलिस ने रंजन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। तनुज यादव और नयन यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं, इस मामले में रंजन यादव ने भी बिल्डर मनीष कुमार समेत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पटना में मंगलवार देर रात डिप्टी कमिश्नर पर जानलेवा हमले के मामले में लालू के पोतों पर केस दर्ज हुआ है। अधिकारी को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। नागेंद्र यादव आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के भतीजे हैं। दोनों आरोपी तनुज और नयन उनके ही बेटे हैं।
पीड़ित के भाई विजय सिंह ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी है। एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया है कि तनुज और नयन यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


