पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। ममता ने लक्ष्मी भंडार योजना के तहत महिलाओं को हर महीने मिलने वाली सहायता राशि 500-500 रुपए बढ़ाने का वादा किया है।
मेनिफेस्टो को मुताबिक, अगर ममता की सरकार बनी तो बंगाल में जनरल कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने ₹1500 मिलेंगे। अभी बंगाल सरकार जनरल कैटेगरी की महिलाओं को ₹1000 हर महीने देती है।
वहीं SC/ST महिलाओं को ₹1700 प्रति माह दिया जाएगा। अभी SC/ST महिलाओं को ₹1200 रुपए मिलते हैं। इसके अलावा ममता ने बेरोजगार युवाओं को ₹1500 प्रति माह देने का ऐलान किया है। हर परिवार को पक्का घर और हर घर में नल से पीने का साफ पानी पहुंचाने का वादा किया है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के समर्थन में 18 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। इस लिस्ट में ममता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शामिल हैं।
ममता ने कहा कि राज्य में ‘दुआरे चिकित्सा’ (घर-घर स्वास्थ्य सेवा) शुरू की जाएगी। इसके तहत हर बूथ स्तर पर कैंप लगाकर लोगों को मेडिकल सुविधाएं दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हजारों स्कूलों को ई-लर्निंग सुविधाओं से आधुनिक बनाया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में 7-8 नए जिले, ब्लॉक और नगरपालिकाएं बनाने की योजना भी है।
CM ममता बनर्जी ने कहा, ‘जो लोग यहां चुनाव पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) के तौर पर तैनात किए गए हैं, वे इस क्षेत्र या राज्य को नहीं जानते। उन्हें राज्य के बारे में कुछ भी पता नहीं है। ऐसे में वे अपने कर्तव्य कैसे निभा सकते हैं। राष्ट्रपति शासन को अघोषित राष्ट्रपति शासन से बदल दिया गया है। मोदीजी, आप यहां अघोषित राष्ट्रपति शासन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि वे बंगाल से जलते हैं। उन्होंने पूरे सिस्टम को पटरी से उतार दिया है।”
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा- हम चुनाव के दौरान कई तरह की साजिशें देखते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सारी हदें पार कर दी हैं। इस चुनाव के बाद परिसीमन (डिलिमिटेशन) होगा, लेकिन मोदी सरकार दोबारा सत्ता में नहीं आएगी, क्योंकि लोगों को बीजेपी सरकार पसंद नहीं है। इसके कारण हैं एनआरसी और परिसीमन है।
ममता ने कहा- बंगाल इंडस्ट्री के लिए एक प्रमुख केंद्र है। हम MSME में नंबर एक हैं। 1.5 करोड़ कर्मचारी MSME के तहत काम करते हैं। चमड़ा इंडस्ट्री बंगाल में सबसे बड़ा है। मैं बंगाल के लोगों से अपील करती हूं कि वे एकजुट हों और बंगाल को बचाने के लिए भाजपा के खिलाफ लड़ें।
ममता ने कहा- अगर केंद्रीय एजेंसियां आपको डराने की कोशिश कर रही हैं, तो डरें नहीं। अगर वे आपको पैसे देने की कोशिश कर रहे हैं, तो उसे न लें। वे पैसे और हथियार लाते हैं, सीमा क्षेत्रों से माफिया लाते हैं और यहां अशांति और दंगे फैलाने की कोशिश करते हैं। मैं विभाजनकारी राजनीति नहीं कर रही हूं। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई—सभी एक समान हैं।


