मायावती ने X पर लिखा- कांग्रेस का प्रदर्शन निन्दनीय है। अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, लेकिन AI समिट के दौरान ऐसा व्यवहार करना चिन्ता की बात है।
इधर, कांग्रेस के AI समिट में हंगामा करने के विरोध में भाजपा ने दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन किया। मुंबई के मुलुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए।
उधर, AI समिट में हंगामा करने वाले कांग्रेस के चारों कार्यकर्ताओं को आज पटियाला कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट में कहा कि प्रदर्शन करने वाले नेपाल के Gen-Z आंदोलन से प्रेरित थे। यह प्रदर्शन एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। हंगामे के दौरान कई ग्लोबल लीडर्स और टेक इंडस्ट्री के एक्सपर्ट वहां मौजूद थे।
पुलिस ने कहा कि यह जांच करनी है कि आरोपियों ने PM मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट किससे छपवाई। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन भी बरामद करने हैं। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि ने चारों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए थे।
इसमें 10 से ज्यादा कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए थे। टी-शर्ट पर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड।
गिरफ्तार लोगों ने बिहार से यूथ कांग्रेस के नेशनल सेक्रेटरी कृष्ण हरि, बिहार में IYC स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश में IYC स्टेट प्रेसिडेंट अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के इंदौर में BJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। दोनों ओर से पत्थरबाजी की गई। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस तैनात की गई।
पटियाला हाउस कोर्ट ने AI समिट में हंगामा करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कस्टडी और बेल अर्जी पर ऑर्डर सुरक्षित रखा है। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव शामिल हैं
पटियाला कोर्ट में सरकारी वकील ने कहा- आरोपियों ने देश विरोधी नारे लगाए। PM के खिलाफ मैसेज वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पांच दिन की कस्टडी मांगी।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि देश विरोधी नारे इंटरनेशनल नेताओं और जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी में लगाए गए। भागे हुए दूसरे आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनकी कस्टडी जरूरी है।
पुलिस ने कहा कि तीन पुलिसवाले घायल हुए हैं और आरोपियों मोबाइल फोन बरामद करने हैं, ताकि यह वेरिफाई किया जा सके कि उन्हें फंडिंग मिली थी या नहीं। चार अलग-अलग जगहों से चार लोग एक साथ आए और टी-शर्ट प्रिंट कीं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के लिए पांच दिन की कस्टडी जरूरी है।


