मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 11 राज्यों में आज शीतलहर का अलर्ट है। इन राज्यों के कई जिलों में पारा 5° से नीचे चल रहा है। राजस्थान में पिछले 3 दिन से सीकर, माउंट आबू में पारा 0° पर बना हुआ है।
मध्य प्रदेश में 5 दिन से शीतलहर चल रही है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पाला पड़ने की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश में अयोध्या 3°C तापमान के साथ बीती रात सबसे ठंडी रही।
सर्दी से बचाने के लिए राममंदिर में रामलला को ऊनी कपड़े पहनाए गए हैं, साथ ही जयपुरी रजाई ओढ़ाई जा रही है। पंजाब के आदमपुर में माइनस 0.4° और हरियाणा के हिसार में 1.7ºC टेम्परेचर रहा।
श्रीनगर में आज तापमान माइनस 3° रिकॉर्ड हुआ। हिमाचल प्रदेश के चंबा में नलों में पानी जमने लगा है। लाहौल स्पीति के ऊंचे इलाकों में भी झरने-नदियां जम गए हैं। हालांकि यहां बर्फबारी रुकी है।
दक्षिण भारत के तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 15 दिसंबर को दोनों राज्यों बारिश से थोड़ी राहत रहेगी। हालांकि 16 दिसंबर से एक बार फिर बारिश हो सकती है।
ठंड बढ़ने के कारण
पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से बर्फ पिघल रही है। जिससे उत्तर और मध्य भारत के इलाकों में ठंड बढ़ रही है।
पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।
आगे मौसम कैसा रहेगा
13 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, दो दिन बाद बदलेगा मौसम
दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पं. बंगाल, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले दो-तीन दिन शीतलहर का अलर्ट है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी रहेगी। हिमालय से सटे पंजाब में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि नॉर्थ ईस्ट के असम, नगालैंड, मेघायल, त्रिपुरा, मणिपुर और पश्चिमी प्रदेश ओडिशा में कोहरा छाया रहेगा।
दक्षिण राज्यों तमिलनाडु औरपुडुचेरी में 14 दिसंबर को बारिश होगी। जबकि आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक को राहत रहेगी। हालांकि 16 दिसंबर से एक बार फिर आंध्र, रायलसीमा, तमिलनाडु-पुडुचेरी में भारी बारिश होगी।

