देश के सबसे उत्तरी 3 राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार-शुक्रवार से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक चली। शिमला, मनाली, मसूरी, कटरा में चारों तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है।
उधर, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और जम्मू के डोडा में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। मैदानी इलाकों में लगभग एक फुट और ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में 2-3 फीट बर्फ जम गई है।
श्रीनगर एयरपोर्ट शनिवार को भी नहीं खुल सका। NH-44 लगातार दूसरे दिन बंद है। मौसम विभाग ने तीनों राज्यों में ऊंचे इलाकों में एवलांच (हिमस्खलन) की चेतावनी जारी की है।
इधर वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से राजस्थान में ओले-बारिश के बाद तापमान 10° तक गिर गया है। राज्य के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा माइनस 7 डिग्री तक पहुंच गया। सीकर में ओस जम गई।
यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी हल्की बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद कोहरा और धुंध छंट गई है, लेकिन तापमान 11° पर पहुंच गया है। यहां पहाड़ों से आने वाली तेज सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
वहीं, भारी बर्फबारी के कारण एक दिन तक बंद रहने के बाद शनिवार को श्रीनगर एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन फिर से शुरू हो गए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने BRO के साथ मिलकर शनिवार सुबह मौसम में सुधार के बाद रनवे को चालू करने के लिए एप्रन और टैक्सीवे को साफ कर दिया।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से कई जिलों में आंधी-बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले गिरे। मौसम के इस बदलाव के बाद पारा 10 डिग्री तक गिर गया। सीकर जिले में शनिवार सुबह कई जगह बर्फ की परत जमी नजर आई। जयपुर, दौसा, अलवर सहित कई जिलों में सुबह से बर्फीली हवा चल रही है।शनिवार को लगातार दूसरे दिन प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब है। कुछ स्थानों पर पिछले 24 घंटे से बारिश और बर्फबारी रुक-रुककर हो रही है। डिफेंस जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट (DGRE), चंडीगढ़ की ओर से जारी एवलांच वार्निंग बुलेटिन (AWB) के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में आज शाम 5 बजे तक एवलांच की आशंका है।


