राहुल गांधी की न्याय यात्रा से पहले रविवार 14 जनवरी को मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना (शिंदे गुट) जॉइन कर ली। मिलिंद, दिग्गज कांग्रेस रहे मुरली देवड़ा के बेटे हैं। मिलिंद ने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- आज मेरे राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण अध्याय खत्म हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया। शनिवार को जब मिलिंद के पार्टी छोड़ने की खबर मीडिया में आई तो उन्होंने कहा था कि वे ऐसा कुछ नहीं कर रहे।
मिलिंद देवड़ा के पार्टी छोड़ने पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि इस्तीफे की टाइमिंग पीएम मोदी ने तय की है। उनके पिता मुरली देवड़ा कांग्रेस के बड़े नेता थे। उनकी दोस्ती सभी पार्टियों से थी, लेकिन वे कांग्रेस के अटल और दृढ़ नेता थे।
कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की प्रतिमा पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया को बताया कि वे आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ी कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

