पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वाव-थराड में 20 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऊर्जा जरूरतों की दिक्क्त पूरी दुनिया में बढ़ गई है। ऐसे संकट में भी भारत ने हालात को नियंत्रण में बनाए रखा है।
मोदी ने कहा कि मुश्किल समय में भी कांग्रेस जनता को भड़काने और अफवाह फैलाने में लगी है। उनका आरोप है कि कांग्रेस सियासी लाभ के लिए हालात बिगाड़ने और पेट्रोल पंपों पर भीड़ जुटाकर अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रही है।
इससे पहले उन्होंने साणंद में केयन्स सेमीकॉन के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली टेस्ट (OSAT) का और गांधीनगर में सम्राट सम्प्रति म्यूजियम का उद्घाटन किया। यहां पीएम ने कहा, ‘हमने कोरोना के समय ही तय कर लिया था कि भारत सेमीकंडक्टर सेक्टर का नया हब बनेगा।’
पीएम मोदी उद्घाटन के बाद प्लांट देखने पहुंचे। इंजीनियर्स से बातचीत की। आज से केयन्स सेमीकंडक्टर प्लांट में प्रोफेशनल प्रोडक्शन शुरू हो गया। पहला प्लांट भी फरवरी 2026 में साणंद में ही शुरू हुआ था।
पीएम मोदी ने गांधीनगर में सम्राट सम्प्रति म्यूजियम में राष्ट्रीय संत पूज्य आचार्य पद्मसागर सूरीश्वरजी का आशीर्वाद भी लिया। इस म्यूजियम में सात अलग-अलग विंग हैं, जहां दुर्लभ जैन चट्टानों, पत्थर और धातु की मूर्तियां, प्राचीन पांडुलिपियां, सिक्के, चांदी के रथ और मिनिएचर पेंटिंग प्रदर्शित की गई हैं।
म्यूजियम में दो हजार से ज्यादा दुर्लभ चीजें रखी गई हैं, जो जैन धर्म के विकास और उसके सांस्कृतिक प्रभाव को दर्शाती हैं।
पीएम मोदी ने शाम करीब 5 बजे वाव-थराड पहुंचे, वहां उन्होंने 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें बिजली, रेलवे, सड़क परिवहन, स्वास्थ्य, शहरी विकास, आदिवासी विकास और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
पीएम 5100 करोड़ रुपए की लागत वाले अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इसके अलावा इदार-बडोली बाइपास के फोर लेन निर्माण और NH-754K के धोलेवीरा-मौवाना-वाव-सांतलपुर सेक्शन का शिलान्यास भी किया।


