संसद मानसून सत्र के 9वें दिन बिहार वोटर वेरिफिकेशन और अमेरिका के टैरिफ लगाने वाले मुद्दे पर विपक्ष ने हंगामा किया। लोकसभा और राज्यसभा 3-3 बार स्थगित हुईं।
दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इसपर विपक्ष ने सदन और संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा- अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर जो कहा, उसे सबने देखा है। प्रधानमंत्री मोदी हर जगह जाते हैं, दोस्त बनाते हैं और फिर हमें बदले में यही मिलता है।
इसके पहले प्रियंका सहित विपक्ष के सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर बिहार मतदाताओं से जुड़े स्पेशल इंन्टेंसिव रिवीजन (SIR) पर विरोध प्रदर्शन किया।
INDIA ब्लॉक के नेताओं ने गुरुवार सुबह 10 बजे राज्यसभा में विपक्ष के नेता (LoP) ऑफिस में बैठक की। आगे की रणनीति पर चर्चा की।
राज्यसभा शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्थगित
अमेरिकी टैरिफ पर राज्यसभा में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पीच दी। इसके बाद सदन को शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
पीयूष गोयल बोले- टैरिफ को लेकर भारत की अमेरिका से बातचीत जारी
पीयूष गोयल ने राज्यसभा में बताया- अमेरिका ने भारत पर टैरिफ बढ़ाने को लेकर 2 अप्रैल 2025 को आदेश जारी किया था। इसके तहत 5 अप्रैल से 10% बेसलाइन ड्यूटी लागू कर दी गई थी।
गोयल के मुताबिक, इस 10% ड्यूटी के साथ भारत पर कुल 26% टैरिफ की घोषणा हुई थी। इसके बाद देश-विशेष (यानी केवल भारत के लिए) अतिरिक्त शुल्क 9 अप्रैल से लागू होना था, लेकिन 10 अप्रैल को अमेरिका ने इसे पहले 90 दिनों के लिए टाल दिया, और फिर इसे बढ़ाकर 1 अगस्त 2025 तक कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत कर रही है ताकि भारतीय निर्यातकों को नुकसान न हो।


