प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे का आज दूसरा दिन था। उन्होंने दरांग और गोलाघाट के नुमालीगढ़ में ₹18,500 करोड़ के इन्फ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। PM ने दोनों जगहों पर जनसभाएं भी कीं।
नुमालीगढ़ में प्रधानमंत्री ने कहा- एक समय था जब कांग्रेस की सरकार बांस काटने पर जेल में डाल देती थी। बांस काटना बैन था। आज हम उसी बांस से एथेनॉल बनाने जा रहे हैं। ये आदिवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है।
PM ने कहा- कांग्रेस के कार्यकाल में गरीबों को ठुकराया और तरसाया गया। आदिवासियों के साथ ऐतिहासिक अन्याय हुआ है। भाजपा उन्हें ठीक करने में जुटी है। हमारा मंत्र नागरिक देवो भवः है। यानी देश के नागरिकों को असुविधा न हो। भटकना न पड़े।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले दरांग में कहा- जब हमने भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिया था, उस दिन कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा था कि मोदी, नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है। मैं भगवान शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल लेता हूं, मुझे कितनी भी गालियां दें। लेकिन जब किसी और का अपमान होता है, तो मुझसे रहा नहीं जाता है।
प्रधानमंत्री शनिवार शाम गुवाहाटी पहुंचे थे। वे एयरपोर्ट से सीधा लोकगायक भूपेन हजारिका की विशेष श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इसके बाद रात में स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरे थे। असम से पहले PM ने शनिवार को मिजोरम और मणिपुर में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी।
प्रधानमंत्री ने कहा- ट्रेड और टूरिज्म का बड़ा सेंटर बनेगा असम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हमारी योजनाओं का लाभ यहां चाय बागानों में काम करने वाले भाई और बहनों को भी हो रहा है। उनका हित हमारी प्राथमिकता है। सरकार टी गार्डन में काम करने वाली महिलाओं को मदद दे रही है। उनके स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा पर हमारा बहुत जोर है।
‘यहां माता और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए भी योजनाएं चला रही है। कांग्रेस के समय इन श्रमिकों को टी कंपनी के भरोसे छोड़ दिया गया था। लेकिन हम उनके घर, बिजली, पानी और स्वास्थ्य की चिंता कर रहे हैं। असम के विकास का दौर शुरू हो चुका है। असम ट्रेड और टूरिज्म का बड़ा सेंटर बनेगा। हम मिलकर नया असम बनाएंगे। विकसित भारत बनाएंगे।

