प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस की इन हरकतों का मामला लगातार चल रहा है। इन्होंने संसद में क्या किया? संसद में खुद कुछ नहीं कर पा रहे तो अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते, संसद चलने नहीं देते। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है। दिल्ली में जो उन्होंने यह नंगा पन दिखाया उससे उनके सारे साथी दल चौंक गए हैं, सबने उनसे किनारा कर लिया।”
उन्होंने कहा- मैं नम्रता पूर्वक देश के मीडिया से रिक्वेस्ट करना चाहता हूं, कृपा करके हम जब इस प्रकार की हरकतों की आलोचना करें तो इस तरह की हेडिंग न बनाएं कि मोदी ने विपक्ष को धो डाला। ये विपक्ष-विपक्ष करके आप कांग्रेस को बचा रहे हैं। विपक्ष में जो और साथी बैठे हैं वो भी समझ गए हैं कि पाप कांग्रेस करती है और भुगतना उन्हें पड़ता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं लेकिन देश में ही कुछ राजनैतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे। भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए… पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए…”


