प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 7 जून को नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के संसदीय दल के नेता चुन लिए गए। पुरानी संसद (संविधान सदन) के सेंट्रल हॉल में सुबह 11 बजे शुरू हुई मीटिंग में NDA के 13 दलों के नेता शामिल हुए।
मोदी ने अपने 72 मिनट के भाषण में NDA, विकास, डेमोक्रेसी, अर्थव्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और दक्षिणी राज्यों का जिक्र किया। पीएम ने राहुल गांधी पर निशाना भी साधा। स्पीच में उन्होंने सबसे ज्यादा बार NDA (19) का नाम लिया। 13 बार भारत, 9 बार अलायंस, 6 बार 4 जून (नतीजे की तारीख), 5 बार EVM और 1-1 बार विपक्ष-इंडी गठबंधन का नाम लिया।
मोदी ने NDA को न्यू, डेवलप्ड, एस्पिरेशनल इंडिया बताया। कहा कि कुछ लोगों का काम चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना है, लेकिन EVM ने सभी को जवाब दे दिया।
- NDA: देश चलाने के लिए सर्वमत जरूरी
प्री पोल अलायंस हिंदुस्तान की राजनीति के गठबंधन के इतिहास में इतना सफल कभी नहीं हुआ, जितना एनडीए हुआ है। यह गठबंधन की विजय है। हमने बहुमत हासिल किया है। सरकार चलाने के लिए बहुमत चाहिए, लेकिन देश चलाने के लिए सर्वमत जरूरी होता है। गोवा हो या नॉर्थ ईस्ट हों, जहां बहुत बड़ी संख्या में ईसाई भाई-बहन रहते हैं, आज उन राज्यों में भी एनडीए के रूप में सेवा का अवसर हमें मिला है।
एनडीए सत्ता हासिल करने का या सरकार चलाने के कुछ दलों का जमावड़ा नहीं है, यह राष्ट्र प्रथम, नेशन फर्स्ट की भावना से जुड़ा समूह है। यह भारत की राजनीतिक व्यवस्था में एक ऑर्गेनिक अलायंस है।
- अर्थव्यवस्था: बिना वक्त गंवाए 5 नंबर से 3 पर पहुंचें
यह समय तेज विकास का है। अब हम बिना समय गंवाए 5 नंबर से 3 नंबर की इकोनॉमी पर पहुंचें। देश के लिए जो जरूरतें हैं उस पर काम करना चाहते हैं। संविधान ने जो प्रावधान रखा है, उसके मुताबिक राज्यों के बीच भी कॉम्पिटीटिव स्पिरिट हो। - वादे: तीसरे कार्यकाल की गारंटियां पूरी करेंगे
हम कमिटमेंट के साथ काम करते हैं। 25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर निकाला है। उसके नए एस्पिरेशन पैदा हुए हैं। 3 करोड़ गरीबों को घर का संकल्प, 4 करोड़ को ऑलरेडी दे चुके हैं।
70 वर्ष से ऊपर के आयु के नागरिकों को मुफ्त इलाज की व्यवस्था। मुद्रा योजना के तहत युवाओं को 20 लाख तक के लोन की व्यवस्था। यह सब हमारे तीसरे कार्यकाल की गारंटियां हैं। मिडिल क्लास को सुविधा हमारा कमिटमेंट है। उनकी बचत कैसे बढ़े, इसके लिए हम क्या सकते हैं, हमारे नीति-नियम कैसे बदलें, इस पर काम करेंगे।
- विकास: 10 साल में क्वालिटी ऑफ लाइफ लाएंगे
अगले 10 साल में विकास, क्वालिटी ऑफ लाइफ लाएंगे। खासतौर पर मध्यम वर्ग और उच्च मध्यम वर्ग के जीवन में सरकार का दखल जितना कम हो, लोकतंत्र की उतनी मजबूती है। हम विकास और गुड गवर्नेंस का नया अध्याय लिखेंगे। सब मिलकर विकसित भारत के सपने को साकार करके रहेंगे।

