भारत से विवाद के बीच मालदीव की राजधानी माले में हुए मेयर के चुनाव में राष्ट्रपति मुइज्जू की पार्टी को करारी शिकस्त मिली है। माले के मेयर पद का चुनाव भारत समर्थक मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार ने जीता। अब एडम अजीम माले के मेयर होंगे।
पहले मेयर का पद खुद राष्ट्रपति मुइज्जू के पास था। लेकिन मुइज्जू ने पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए इस पद से इस्तीफा दे दिया था। अजीम 5,303 वोटों से आगे रहे। जबकि मुइज्जू की पार्टी के उम्मीदवार अजीमा शकूर को 3,301 वोट मिले।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक मेयर के चुनाव में मिली जीत मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। जो पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव में पीपल्स नेशनल कांग्रेस (PNC) के गठबंधन से हार गई थी।
मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू 5 दिन के दौरे के बाद शनिवार को चीन से लौटे। राष्ट्रपति मुइज्जू से वेलाना एयरपोर्ट पर भारत के साथ तनाव को लेकर सवाल किया गया। इसके बाद भारत का नाम लिए बिना उन्होंने कहा- हमारा देश छोटा है लेकिन इसका ये मतलब नहीं की आपको हमें धमकाने का लाइसेंस मिला गया है।
उन्होंने कहा- मालदीव देश छोटा जरूर है पर हमारा एक्सक्लूजिव इकोनॉमिक जोन 9 हजार स्कवेयर किलोमीटर में फैला है। मालदीव उन देशों में है जिसकी समुद्र में बड़ी हिस्सेदारी है। हम किसी के बैकयार्ड (पीछे का हिस्सा) में नहीं हैं।
उनकी इस टिप्पणी पर फिलहाल भारत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। मुइज्जू 8-13 जनवरी को चीन में थे। यहां से लौटने के बाद उन्होंने चीन की तारीफ की। कहा- चीन ने हमारे आंतरिक मसलों में दखल नहीं दिया। चीन ने यह भी कहा कि वो हमारे किसी भी घरेलू मामले पर अपना असर नहीं डालेगा।
राष्ट्रपति मुइज्जू ने हिंद महासागर को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा- हिंद महासागर किसी एक देश का नहीं है। मालदीव इस महासागर का सबसे बड़ा हिस्सा रखने वाले देशों में से एक है।

