मुंबई की कोर्ट हिट-एंड-रन केस के आरोपी और शिवसेना नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले मिहिर को सात दिन तक पुलिस कस्टडी में रखा गया था।
मिहिर को पुलिस ने घटना के तीसरे दिन, करीब 60 घंटे बाद 9 जुलाई को गिरफ्तार किया था। मिहिर 7 जुलाई को BMW से कावेरी नखवा नाम की महिला को कुचलने के बाद से फरार था।
सूत्रों ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद मिहिर ने सबसे पहले अपने पिता को फोन किया। उन्होंने ही उसे भागने के लिए कहा था। इसके बाद मिहिर ने BMW कार और ड्राइवर को बांद्रा के कला नगर के पास छोड़ा। पकड़े न जाने के लिए उसने कार की नंबर प्लेट हटाई।
कार छोड़ने के बाद वह रिक्शा लेकर गोरेगांव में अपनी गर्लफ्रेंड के घर गया। एक्सीडेंट से गर्लफ्रेंड के घर पहुंचने तक मिहिर ने 40 बार गर्लफ्रेंड से फोन पर बात की। महिरि गर्लफ्रेंड के घर 2 घंटे रुका। इस दौरान गर्लफ्रेंड ने मिहिर की बहन को फोन पर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद मिहिर की बहन उसकी गर्लफ्रेंड के घर आई और भाई को लेकर बोरीवली स्थित अपने घर चली गई। वहां से राजेश शाह की पत्नी मीना और दोनों बेटियां (पूजा और किंजल) मिहिर शाह और उसके दोस्त अवदीप को लेकर मुंबई से करीब 70 किमी दूर शाहपुर में एक रिजॉर्ट के लिए रवाना हुए। पुलिस ने कहा है कि मिहिर की गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ हो सकती है।
पुलिस ने दोस्त का मोबाइल ट्रैक कर मिहिर को पकड़ा
इधर, पुलिस मिहिर शाह, उसके परिवार, गर्लफ्रेंड और करीबी दोस्तों के फोन लगातार ट्रैक कर रही थी। हालांकि, सबके फोन स्विच ऑफ थे। इसी बीच सोमवार (8 जुलाई) की रात मिहिर अपने दोस्त के साथ विरार आया। विरार में उसके दोस्त का घर है।
मंगलवार (9 जुलाई) की सुबह उसके दोस्त ने 15 मिनट के लिए अपना फोन चालू किया। इसी बीच पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई और मिहिर शाह गिरफ्तार हो गया। इसके बाद पुलिस ने रिजॉर्ट से उसकी मां और बहनों को भी हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि राजेश शाह का परिवार फैमिली कार सहित दो गाड़ियों में रिजॉर्ट गए थे। सबने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे और उनके घर पर भी ताला लगा हुआ था। मिहिर को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने 11 टीमें बनाई थीं। क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया था। उसके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था।

