कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने ऊना के गगरेट और कुटलैहड़ में रैली को संबोधित किया। इसके बाद हमीरपुर के बड़सर में रोड शो निकाला।
प्रियंका गांधी ने कहा- हिमाचल में मेरा स्थायी घर है। मेरा दिल दिल्ली में नहीं हिमाचल में बसता है। इसलिए मैं बार-बार हिमाचल में यहां की भोली भाली जनता से मिलने आती हूं। यहां के सांसद लोगों का हाल-चाल नहीं पूछते। वह बड़े-बड़े महलों, क्रिकेट और मंचों पर दिखाई देते हैं। अग्निवीर योजना लाने वाली सरकार के दिल में देशभक्ति नहीं हो सकती।
प्रधानमंत्री अक्सर कहते हैं कि हिमाचल उनका दूसरा घर है। जब आपदा आई तो एक बार प्रधानमंत्री यहां नहीं आए। राहत एवं बचाव कार्य के लिए केंद्र से एक भी रुपया नहीं आया। जब हिमाचल आपदा से बाहर निकलने लगा तो मोदी और यहां के सांसद ने चोरों की तरह सरकारी गिराने की कोशिश की। 100-100 करोड़ देकर विधायकों को खरीदने वाले धर्म की बात करते हैं।
चुनाव के समय BJP धर्म की बातें करती है, बाकी समय सरकार को गिराने जैसी राजनीति करती है। मोदी अपने आप को देवता समान समझने लगे हैं। सोचते हैं कि उन्हें धर्म के नाम पर वोट मिल जाएगा।
कुटलैहड़ और गगरेट में जनसभा के बाद प्रियंका गांधी का बड़सर में रोड शो
प्रियंका के रोड शो में काफी भीड़ जुटी। प्रियंका गांधी ने आज एक दिन में दो जनसभाएं और एक रोड शो करके हमीरपुर लोकसभा सीट के साथ-साथ चार विधानसभा सीटें भी साधने का काम किया। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में गगरेट, कुटलैहड़, बड़सर के अलावा सुजानपुर में भी उपचुनाव है।


