दिल्ली में इंडिया गेट पर रविवार देर शाम वायु प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल लोगों ने देश के मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा (44) के पोस्टर लहराए। पोस्टरों में हिड़मा की तुलना आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा से की गई। हिड़मा को जल, जंगल और जमीन का रखवाला बताया गया।
प्रदर्शनकारियों ने “माड़वी हिड़मा अमर रहे” जैसे नारे लगाए। उन्होंने पोस्टरों पर भी “माड़वी हिड़मा को लाल सलाम” जैसे नारे लिखे थे। एक प्रदर्शनकारी के पोस्टर पर लिखा था “बिरसा मुंडा से लेकर माड़वी हिड़मा तक, हमारे जंगलों और पर्यावरण का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान भीड़ की पुलिस से हाथापाई भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मिर्च स्प्रे कर दिया, जिससे तीन-चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दो थानों में FIR दर्ज की हैं। अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि नक्सली हिड़मा एक करोड़ का इनामी नक्सली था। सुरक्षाबलों ने 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश के एलूरी सीताराम राजू जिले में हिड़मा को एनकाउंटर में मार गिराया था। वह ढाई दशक से छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक्टिव था। वह 26 बड़े हमलों का मास्टरमाइंड था।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, रविवार को प्रदर्शनकारी सी-हेक्सागॉन के पास इकट्ठा हुए थे। उनके प्रदर्शन से एम्बुलेंस और मेडिकल कर्मियों को वहां से गुजरने में दिक्कत आ रही थी। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो स्थिति हाथापाई में बदल गई।
कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर काली मिर्च स्प्रे छिड़क दिया। नई दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर देवेश कुमार महला ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि पहली बार प्रदर्शनकारियों ने यातायात और कानून-व्यवस्था संभाल रहे अधिकारियों पर मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल किया। घायल पुलिसकर्मियों क आरएमएल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
माड़वी हिड़मा छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मरेडमिल्ली जंगल में एनकाउंटर में मारा गया था। उसके साथ उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सलियों को भी ढेर कर दिया गया।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों को हिड़मा को खत्म करने के लिए 30 नवंबर तक की डेडलाइन दी थी। इसके बाद आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित मरेडमिल्ली के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसी ऑपरेशन में हिड़मा डेडलाइन से 12 दिन पहले ही मारा गया।

