कर्नाटक के कोलार जिले की एक 38 वर्षीय महिला में डॉक्टरों ने एक ऐसा ब्लड ग्रुप खोजा है, जो अब तक दुनिया में कहीं भी पहचाना नहीं गया था। इसे CRIB नाम दिया गया है। अभी तक दुनिया में इस ब्लड ग्रुप के 10 लोग ही सामने आए हैं।
यह मामला तब सामने आया जब महिला को दिल की सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। महिला का ब्लड ग्रुप O Rh+ था, जो कि सबसे आम माना जाता है। लेकिन जब सर्जरी के लिए खून जुटाया गया, तो कोई भी O पॉजिटिव यूनिट उसके शरीर से मेल नहीं खा रही थी।
मामला गंभीर था, इसलिए जांच के लिए सैंपल को बेंगलुरु के रोटरी बैंगलोर टीटीके ब्लड सेंटर की एडवांस्ड लैब में भेजा गया। टीम ने महिला के 20 परिजनों के ब्लड सैंपल भी जांचे, लेकिन कोई मेल नहीं मिला। डॉ. अंकित माथुर ने बताया,
डॉक्टरों और परिवार की मदद से बिना खून चढ़ाए ही सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई। साथ ही महिला और उसके परिवार के ब्लड सैंपल इंटरनेशनल ब्लड ग्रुप रेफरेंस लैब (IBGRL), ब्रिस्टल, UK भेजे गए। दस महीने की रिसर्च और जेनेटिक टेस्टिंग के बाद आखिरकार वैज्ञानिकों ने इस महिला में एक बिल्कुल नया ब्लड ग्रुप एंटीजन खोज निकाला।
क्या है CRIB ब्लड ग्रुप?
CRIB का पूरा नाम Chromosome Region Identified as Blood group है। इसका संबंध INRA (Indian Rare Antigen) ब्लड ग्रुप सिस्टम से है, जिसे इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ ब्लड ट्रांसफ्यूजन (ISBT) ने 2022 में मान्यता दी थी।
CRIB ब्लड ग्रुप में एक आम पाया जाने वाला एंटीजन नहीं होता, जो ज्यादातर लोगों में होता है। इस वजह से CRIB ब्लड ग्रुप वाले व्यक्ति को सिर्फ CRIB-नेगेटिव खून ही चढ़ाया जा सकता है, जो पूरी दुनिया में बेहद दुर्लभ है।
क्या हैं इसके प्रभाव?
CRIB ब्लड ग्रुप की पहचान उन मामलों में जीवन रक्षक साबित हो सकती है, जहां गर्भवती महिला के शरीर में ऐसे एंटीबॉडी बनते हैं जो भ्रूण के रक्त को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे मामलों में समय रहते जांच और सावधानी बरती जा सकती है।
डॉक्टरों का कहना है कि इस ब्लड ग्रुप वाली महिला को भविष्य में अगर दोबारा खून की जरूरत पड़ी, तो उसे दूसरों के डोनेशन पर निर्भर नहीं रहना होगा। उसे पहले से अपना ही खून ऑटोलॉगस ट्रांसफ्यूजन के जरिए स्टोर करना पड़ेगा।


