प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77 साल के ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के खराब स्वास्थ्य पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी बिगड़ती सेहत के पीछे साजिश तो नहीं? अगर ओडिशा में भाजपा की सरकार बनी, तो वे नवीन की खराब स्वास्थ्य का कारण का पता लगाने के लिए एक कमेटी बनाएंगे।
मोदी ने बुधवार 28 मई को ओडिशा के मयूरभंज जिले में जनसभा में कहा कि पिछले एक साल में नवीन बाबू की तबीयत इतनी कैसे बिगड़ी गई। सालों से उनके करीब रहे लोग जब मुझसे मिलते हैं, तो उनकी सेहत की चर्चा करते हैं। वे बताते हैं कि नवीन बाबू अब खुद से कुछ भी नहीं कर पाते। क्या उनकी तबीयत खराब होने के पीछे कोई षडयंत्र है।
मोदी ने ऐसा क्यों कहा, भाजपा इस मुद्दे को क्यों उठा रही है
इसकी वजह है- पूर्व आईएएस अफसर और बीजू जनता दल के नेता वीके पांडियन। ऐसा आरोप है कि इस समय वे ही सरकार चला रहे हैं और सरकार से जुड़े फैसले ले रहे हैं। इस मामले ने 28 मई को तब और तूल पकड़ा जब नवीन पटनायक का एक वीडियो सामने आया। इसमें वे मंच से भाषण दे रहे थे। उनके बगल में पांडियन माइक पकड़कर खड़े थे।
इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसपर सबकी नजर गई। ओडिशा CM ने पोर्डियम पर अपना एक हाथ रखा था, जो जोर से कांप रहा था। जैसे ही पांडियन की नजर वहां गई, उन्होंने CM पटनायक का हाथ पकड़कर तुरंत छिपा दिया।
मोदी ने अपने भाषण में पांडियन पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा ओडिशा चाहता है कि राज्य का CM एक ओडिया बने। राज्य की जनता ने 25 सालों से राज कर रही बीजद सरकार पर फुल स्टॉप लगाने का मन बना लिया है।
तमिलनाडु में जन्में वीके पांडियन को भाजपा ओडिशा की राजनीति में ‘बाहरी’ कहती रही है। पांडियन ने दिल्ली में अपनी पढ़ाई की। उन्होंने पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारी के रूप में अपना करियर शुरू किया था। हालांकि, बाद में एक उड़िया महिला से शादी करने के बाद पांडियन ओडिशा कैडर में ट्रांसफर हो गए।
असम CM ने पांडियन पर मुख्यमंत्री को कंट्रोल करने का आरोप लगाया
ये वीडियो सामने आने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पांडियन पर नवीन पटनायक को कंट्रोल करने का आरोप लगाया। हिमंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- इतिहास में पहली बार एक रिटायर्ड ऑफिसर ने किसी मुख्यमंत्री के हाथों को कंट्रोल करने की कोशिश की है। पंडियन ने सिर्फ एक मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि 4.5 करोड़ ओडिशावासियों का अपमान किया है।
हिमंत ने दावा किया कि नवीन पटनायक किसी भी दस्तावेज पर खुद साइन नहीं करते है। पांडियन उनके डिजिटल सिग्नेचर का प्रयोग करते हैं।
शाह बोले- पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे तमिल बाबू नवीन पटनायक और पांडियन के वीडियो पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा- एक तमिल बाबू पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे हैं। क्या ऐसा होना चाहिए? भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि ओडिशा का अगला मुख्यमंत्री उड़िया भाषा में पारंगत हो और राज्य की भाषा, संस्कृति और परंपरा को समझे।


