संसद की सुरक्षा में हुई चूक मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 5वें आरोपी ललित झा की पुलिस रिमांड 5 जनवरी तक बढ़ा दी है। इससे पहले कोर्ट ने 21 दिसंबर को 4 अन्य आरोपियों सागर शर्मा, नीलम, मनोरंजन डी और अमोल शिंदे की पुलिस हिरासत 15 दिन के लिए बढ़ा दी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले में 6 आरोपियों का साइकोलॉजिकल टेस्ट होगा। इसमें आरोपियों का बर्ताव, आदतें और रूटीन की जांच होगी। ये टेस्ट CBI की फोरेंसिक लैब और दिल्ली के रोहिणी स्थित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) में किया जाएगा। 21 दिसंबर को एक आरोपी को लैब लाया गया था। अब एक-एक करके बाकी आरोपियों को भी टेस्ट के लिए लाया जाएगा।
साइकोलॉजिकल टेस्ट प्रश्न-उत्तर फॉर्मेट में होगा। यह तीन घंटे चलेगा। इसमें ये जाना जाएगा कि संसद में घुसपैठ करने का इन सभी लोगों का मकसद क्या था। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उन्होंने मणिपुर हिंसा, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर ध्यान खींचने के लिए संसद में घुसपैठ की थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वह हर एंगल से जांच कर रही है।

