नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को 5 राज्यों के 17 ठिकानों पर छापा मारा है। इन राज्यों में बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गोवा और पंजाब शामिल हैं। यहां पर प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े लोगों के ठिकानों पर ये छापेमारी की जा रही है। 17 लोकेशन में से 12 बिहार में, दो उत्तर प्रदेश में और 1-1 मध्यप्रदेश, पंजाब और गोवा में हैं। बिहार के दरभंगा में उर्दू बाजार में डेन्टिस्ट डॉ सारिक रजा और शंकरपुरा गांव में महबूब के घर पर रेड मारी गई है। वहीं, मोतिहारी के चकिया में PFI के सदस्य सज्जाद के घर टीम पहुंची। टीम यहां से सज्जाद का ID कार्ड लेकर गई है। इसके पहले NIA की टीम PFI संगठन से जुड़े सदस्यों को पिछले महीने गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। वहीं PFI पर प्रतिबंध लगने के बाद NIA उससे जुड़े लोगों की तलाश में कई बार मोतिहारी आ चुकी है।
इधर दरभंगा में लहेरियासराय और सिंहवाड़ा में चल रही NIA की रेड खत्म हो गई है। दोनों ही जगहों से मुख्य आरोपी भाग निकले। NIA टीम ने फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। अधिकारी मौके से निकल गए हैं। उन्होंने रेड से जुड़ी कोई जानकारी देने से इनकार किया है। दोनों के घरवाले भी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।